Satna MP:11 साल से फरार अपहरण-डकैती का आरोपी गिरफ्तार, बबली-लवलेश कोल गिरोह का हार्डकोर सदस्य था संतोष उर्फ ऊदल
धारकुंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्थाई वारंटी को चित्रकूट क्षेत्र से दबोचा; अपहरण, मारपीट और धमकी समेत गंभीर धाराओं में था वांछित
सतना/धारकुंडी। धारकुंडी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपहरण और डकैती के मामले के एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुख्यात बबली-लवलेश कोल गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और पिछले करीब 11 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष उर्फ ऊदल कोल, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता सतइयां कोल, निवासी डोडा बड़कुलान, थाना मारकुंडी, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बराहमाफी, थाना मानिकपुर, जिला चित्रकूट के रूप में हुई है।
अपहरण समेत गंभीर धाराओं में था मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना धारकुंडी के अपराध क्रमांक 72/15 में धारा 364-A, 323, 506, 34 भादवि तथा मध्यप्रदेश डकैती प्रभावित क्षेत्र अधिनियम की धारा 11/13 के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले से संबंधित विशेष प्रकरण क्रमांक SCDOCT/06/17 में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी था।
बताया गया है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। लंबे समय तक पुलिस से बचने के बाद धारकुंडी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बबली-लवलेश कोल गिरोह से जुड़ा रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार संतोष उर्फ ऊदल कुख्यात बबली और लवलेश कोल गिरोह का हार्डकोर सदस्य रहा है। गिरोह के खिलाफ पुलिस द्वारा पूर्व में कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में लंबे समय से फरार चल रहे गिरोह के इस सदस्य की गिरफ्तारी को पुलिस महत्वपूर्ण सफलता मान रही है।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है। लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी से पुलिस को पुराने आपराधिक प्रकरण के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इनकी रही अहम भूमिका
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में उनि विजय सिंह, थाना प्रभारी धारकुंडी, प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर सिंह, आरक्षक मुकेश सिंह, राजकुमार गिरी, एवरन सिंह, गंभीर रावत और डिंपी तोमर की सराहनीय भूमिका रही।





