Mauganj MP:नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त: स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान, 100 मीटर दायरे में होगी निगरानी!
एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के निर्देश, पान-गुटखा और नशीले पदार्थों की बिक्री पर कार्रवाई के लिए संयुक्त दल करेंगे भ्रमण
मऊगंज। जिले में नशामुक्त वातावरण तैयार करने और बच्चों एवं युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशीले पदार्थों की रोकथाम, बिक्री पर नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
हर शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों को किया जाए जागरूक
कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल-कॉलेज स्तर पर लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
उन्होंने प्रशासन, पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त दल गठित कर नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रभावी निगरानी के लिए लगातार भ्रमण करने के निर्देश भी दिए।
स्कूलों के 100 मीटर दायरे में होगी निगरानी
कलेक्टर ने विद्यालयों के बाहर 100 मीटर की परिधि में संकेतक लगाए जाने के निर्देश दिए। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्कूलों के आसपास पान, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों एवं ठेलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर विशेष नजर रखी जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के लिए शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
बैठक में जिले में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को केंद्र की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
दीवार लेखन और पोस्टर-बैनर से चलेगा जनजागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए दीवार लेखन, पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल प्रशासन और पुलिस तक सीमित न रखते हुए इसमें समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही जिले में नशामुक्त वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




