---Advertisement---

Bhopal MP:एमपी में 24 पशु चिकित्सक अधिकारियों की पदोन्नति निरस्त, तीन महीने बाद सरकार ने पलटे आदेश!

By: संवाददाता । विराट वसुंधरा

On: Saturday, November 28, 2026 2:56 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---
🕒 Updated: 28 Nov 2026, 02:56 AM

Bhopal MP:एमपी में 24 पशु चिकित्सक अधिकारियों की पदोन्नति निरस्त, तीन महीने बाद सरकार ने पलटे आदेश!

 

 

 

169 पदों पर हुई पदोन्नति प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी का मामला आया सामने, निर्धारित 342 की जगह 543वें क्रम तक के अधिकारियों के नामों पर किया गया था विचार

भोपाल। मध्य प्रदेश में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की पदोन्नति प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। प्रदेश सरकार ने करीब तीन महीने पहले पदोन्नत किए गए 24 पशु चिकित्सा अधिकारियों की पदोन्नति निरस्त कर दी है। जांच में पदोन्नति नियम 2025 के प्रावधानों के अनुरूप प्रक्रिया नहीं अपनाए जाने की बात सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया। इस कार्रवाई से विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष उमेश शर्मा और सपाक्स के अध्यक्ष केपीएस तोमर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिकायत की थी। शिकायत के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का परीक्षण कराने के निर्देश दिए। विभागीय जांच में नियमों के विपरीत विचारण क्षेत्र (कंसीडरेशन जोन) निर्धारित किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद 24 पदोन्नतियां वापस लेने का निर्णय लिया गया।

 

 

 

 

169 पदों पर हुई थी पदोन्नति, तीन महीने में बदला फैसला

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2016 से सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नतियां रुकी हुई थीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर नए पदोन्नति नियम बनाए जाने के बाद विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 31 दिसंबर 2025 की स्थिति में वरिष्ठता के आधार पर पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया पूरी की।

विभाग ने कुल 169 पदों पर उप संचालक, पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी और सिविल सर्जन के पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी किए थे। ये आदेश 13 अगस्त को जारी हुए थे, लेकिन लगभग तीन महीने बाद 24 नवंबर को इनमें से 24 अधिकारियों की पदोन्नति निरस्त कर दी गई। इस संबंध में विभाग के अवर सचिव सुनील मंडावी ने आदेश जारी किए हैं।

 

 

 

 

342 अधिकारियों के नामों पर होना था विचार, 543वें क्रम तक पहुंची प्रक्रिया

पूरे विवाद की मुख्य वजह पदोन्नति नियम 2025 के नियम 11 (4) का पालन नहीं किया जाना बताया जा रहा है। नियम के अनुसार, उपलब्ध पदों की संख्या के दोगुने में चार जोड़कर अधिकारियों के नाम विचारण क्षेत्र में शामिल किए जाने थे।

इस गणना के अनुसार 169 पदों के लिए 342 अधिकारियों के नामों पर ही विचार किया जाना था। लेकिन विभागीय प्रक्रिया में वरिष्ठता सूची के 543वें क्रम तक के अधिकारियों के नामों पर विचार किए जाने की बात सामने आई। इसी को लेकर आपत्तियां उठाई गईं और मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा।

शिकायतों के बाद कराए गए परीक्षण में नियमों के अनुरूप प्रक्रिया नहीं अपनाए जाने का निष्कर्ष सामने आने पर सरकार ने 24 पदोन्नतियां निरस्त करने का निर्णय लिया।

 

 

 

 

प्रशासनिक आधार पर नई पदस्थापना

पदोन्नति निरस्त होने के बाद संबंधित पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों को प्रशासनिक आधार पर पदस्थ किए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस घटनाक्रम ने विभाग की पदोन्नति प्रक्रिया, वरिष्ठता निर्धारण और नियमों के पालन को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में विभाग आगे क्या कदम उठाता है और शेष पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर क्या व्यवस्था अपनाई जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

Leave a Comment