Mauganj MP:पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार आरोपी रीवा से गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल!
सेमरिया बस स्टैंड से शाहपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, अपहृता के न्यायालयीन बयान के बाद बढ़ाई गई थीं गंभीर धाराएं
मऊगंज/रीवा। जिले की शाहपुर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को रीवा के सेमरिया बस स्टैंड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 411/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने 24 अक्टूबर को अपहृता को दस्तयाब किया। इसके बाद माननीय न्यायालय के समक्ष अपहृता द्वारा दिए गए कथनों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 87, 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 का इजाफा किया गया।
मामले में आरोपी रोहित द्विवेदी पिता राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम भैदा, रमनगरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 28 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने उसे रीवा के सेमरिया बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी मऊगंज सची पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शाहपुर उपनिरीक्षक रामदीन सिंह के नेतृत्व में की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामदीन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश पटेल, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, प्रधान आरक्षक कमलेश यादव एवं आरक्षक निलेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
शाहपुर पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





