सिटी न्यूज

sidhi news : घायल युवक की उपचार के दौरान मौत पर बवाल, सड़क पर शव रख परिजनों ने किया चक्काजाम

सेमरिया चौकी अन्तर्गत झोखरवार गांव में तीन माह पूर्व मारपीट में घायल हुआ था युवक ,झोखरवार तिराहा में 4 घंटे तक रहा चक्काजाम

 

sidhi news  : सीधी/ बढ़ौरा 14 दिसम्बर। जिले के चुरहट थाना के पुलिस चौकी सेमरिया अंतर्गत बढ़ौरा-सेमरिया मार्ग में झोखरवार तिराहा में आज आक्रोषित भीड़ ने शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। सुबह करीब 9.30 बजे से चक्काजाम शुरू होने से आवागवन ठप्प हो गया। सूचना मिलते ही चुरहट, सेमरिया, बम्हनी, मोहनिया से पुलिस बल मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बनाने में जुट गया।

 

आक्रोषित लोगों का कहना था कि पुलिस चौकी सेमरिया अंतर्गत झोखरवार निवासी अशोक केवट पिता मन्नूलाल केवट उम्र 35 वर्ष के साथ 3 सितंबर 2024 को गांव के लिंकन विश्वकर्मा ,मनोज विश्वकर्मा, पिंटा कोल ने काफी बेरहमी के साथ मारपीट की थी। जिसके चलते अशोक केवट के शरीर के अंदर घातक चोंटे आई थी। जिसका उपचार चल रहा था। अभी ज्यादा तकलीफ बढऩे पर जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा था। उपचार के दौरान ही कल 13 दिसंबर को अशोक केवट की मौत हो गई। जिसके बाद शव को गृह ग्राम झोखरवार लाया गया। मृतक के परिजनों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि प्रारंभिक रिपोर्ट में बम्हनी चौकी पुलिस द्वारा सामान्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया था।

 

जिससे सभी आरोपी बाहर थे। जबकि आरोपियों की पिटाई के चलते शरीर के अंदरूनी अंगों में आई घातक चोंटों के चलते अशोक केवट का लगातार उपचार हो रहा था। काफी प्रयासों के बाद भी आखिर उसे नहीं बचाया जा सका। ऐसे में आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। मौके पर पहुंचे चुरहट टीआई पुष्पेन्द्र मिश्रा द्वारा परिजनों को आश्वस्त किया गया कि इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जावेगी। वहीं सूचना पाकर मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान भी पहुंचे। उनके द्वारा भी मृतक के परिजनों से चर्चा की गई। श्री चौहान ने दूरभाष पर पुलिस अधीक्षक सीधी से घटना के संंबंध में चर्चा की। जिस पर आश्वस्त किया गया कि पीडि़त परिजनों को अवश्य न्याय मिलेगा। लोगों को हो रही परेशानियों के चलते चक्काजाम आंदोलन समाप्त करा दिया गया। जिसके बाद मृतक के परिजन एवं अन्य लोगों द्वारा चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

 

इनका कहना है-

 

झोखरवार निवासी अशोक केवट के साथ गांव के ही कुछ लोगों के द्वारा विगत 3 सितंबर 2024 को मारपीट की गई थी। घटना की रिपोर्ट बम्हनी चौकी में दर्ज हुई थी और घायल का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया था। अभी उपचार की आवश्यकता होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान कल मौत हो गई। मृतक के परिजनों में कार्यवाही को लेकर रोष था। उन्हें समझाइश दी गई। जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

 

-पुष्पेन्द्र मिश्रा, टीआई थाना चुरहट

 

आज सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सूचना मिली कि करीब तीन माह पूर्व मारपीट के चलते अशोक केवट की मौत हो गई है। उस दौरान पुलिस द्वारा सामान्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को छोंड़ दिया गया था। मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से उनके द्वारा बात की गई। फिर पुलिस अधीक्षक सीधी से दूरभाष पर बात हुई। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया है कि मामले में धाराएं बढ़ाकर मृतक के परिजनों को न्याय दिया जाएगा।

 

ज्ञान सिंह अध्यक्ष, जिला कांग्रेस सीधी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button