Rewa news: नशेड़ियों के अपराधों पर भी लगेगा अंकुश: पुलिस अधीक्षक 

Rewa news: नशेड़ियों के अपराधों पर भी लगेगा अंकुश: पुलिस अधीक्षक

 

 

 

 

 

 

रीवा. नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही पुलिस अब युवकों को भी इस दलदल से बाहर निकालने का प्रयास करेगी। पुलिस ने नशा करने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी है। नशामुक्ति केंद्र में इलाज करवाकर उन्हें इस लत से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

 

 

 

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देश पर शहर में यह अभियान शुरू हुआ है, जिसमें पुलिस नशेड़ियों को चिह्नित कर रही है। बड़ी संख्या में युवक नशे की लत में फंसे हैं। लत को पूरा करने के लिए वे कई बार चोरियां करते हैं और घर का सामान तक बेच देते हैं। इन युवकों की लत की वजह से ही तस्कर बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार करते हैं। पुलिस अब इन युवकों को नशे की लत से बाहर निकलने में मदद करेगी। इसके लिए सभी थानों की पुलिस अपने यहां नशेड़ियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। खासकर मेडिसीन के लत की नशे में फंसे युवक पुलिस की प्राथमिकता हैं। अभियान में पहले दिन पांच नशेड़ियों को बिछिया थाने में पकड़ा गया, जो काफी समय से नशा कर रहे थे। पुलिस ने उनके परिजनों को भी थाने बुलवाया था।

 

 

 

 

 

पुलिस का मानना है कि इस अभियान से अपराधों पर भी अंकुश लगेगा। नशे की लत में फंसे युवक अक्सर चोरी और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। वहीं नशे में मारपीट, फायरिंग, हत्या जैसी घटनाएं भी हैं। अगर युवक इस अभियान से नशे से दूर होते हैं, तो इससे अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।

 

 

 

 

 

नशामुक्ति केंद्र भेजे गए पांच युवक

जिन युवकों को पुलिस ने पकड़ा था, उन सभी को परिजनों की सहमति के बाद नशामुक्ति केंद्र भेजा गया है। शासन से सहायता प्राप्त कई एनजीओ चल रहे हैं, जो नशामुक्ति पर काम कर रहे हैं। इन केंद्रों में युवकों का नियमित इलाज होगा। इसके अलावा काउंसलिंग और योग के माध्यम से इन्हें नशे से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

 

 

 

युवकों को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए शहर में अभियान चलाया जा रहा है। नशेड़ियों को पकड़कर उनका एनजीओ की मदद से नशामुक्ति केंद्र में इलाज कराया जाएगा। पांच को पकड़कर उनको नशामुक्ति केंद्र भिजवाया गया है। इससे अपराधों पर भी अंकुश लगेगा।

विवेक सिंह, एसपी रीवा

Exit mobile version