Rewa news:शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो, खराब ट्रांसफार्मर बदलें: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला
![](https://viratvasundhara.in/wp-content/uploads/2025/02/b2dc229f_2144172_P_21_mr.jpg)
Rewa news:शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो, खराब ट्रांसफार्मर बदलें: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला
रीवा. उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विद्युत मंडल एवं ग्रामीण विकास के कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराते हुए पर्याप्त वोल्टेज की सप्लाई कराएं। खराब ट्रांसफार्मर को बदलें तथा फाल्ट केबिल को सुधारें। उन्होंने उद्योग विहार में निर्मित विद्युत सबस्टेशन को शीघ्र लोकार्पित कराने के भी निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में पावर ट्रांसफार्मर बनाने की जरूरत है, ताकि गर्मी के दिनों में विद्युत की समस्या न आने पाए। आरडीएसएस योजना के तहत फीडर सेपरेशन के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए। अधीक्षण यंत्री बीके शुक्ला ने बताया कि योजना के तहत निर्माणाधीन 6 सब स्टेशन में से 5 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष एक सबस्टेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने विद्युत मंडल द्वारा गत बैठक के उपरांत किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, त्रियुगीनारायण शुक्ल, राजेश पाण्डेय सहित विद्युत मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
रीवा. उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए इसे तय समय सीमा पर पूरा कराएं। जिले में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य जारी हैं, इन कार्यों के पूरा होने पर जिले के विकास को गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराएं। शेष निर्माण कार्य तीन महीने में पूरा कर इसका लोकार्पण कराएं। बीहर रिवर फ्रंट में भी शेष बचे कार्य को तेजी से पूरा करें। सर्किट हाउस के नवीन भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसकी साज-सज्जा का कार्य भी एक माह में पूरा कराकर इसे लोकार्पित कराएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण एजेंसी रीवा बायपास का निर्माण तत्काल शुरू करे। इसे फोरलेन बनाने के लिए बिजली के पोल की शिफ्टिंग तत्काल कराएं। बारिश शुरू होने से पहले इसका बेस तैयार कर लें, जिससे वर्षाकाल में भी निर्माण कार्य किया जा सके। जिला अस्पताल में ओपीडी भवन का भी निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। फिनिशिंग वर्क भी एक माह में पूरा कराएं। उप मुख्यमंत्री ने पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत प्रस्तावित नवीन कार्यों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए एमटेक भवन तथा आवासीय भवन का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। शहर में तीन स्थानों पर फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए हॉकर्स कार्नर भी प्रस्तावित किए गए हैं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, कलेक्टर प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे, क्षेत्रीय संचालक औद्योगिक विकास निगम यूके तिवारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा में कहा कि सरपंच व शासकीय अधिकारी समन्वय बनाकर ग्रामीण विकास के कार्य करें। उन्होंने रीवा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत पंचायत के सरपंचों से कहा कि अपनी ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम प्रधानमंत्री आवास की नवीन सूची में जोड़वाने का कार्य करें, जिस पंचायत में सबसे ज्यादा नाम जुड़ेंगे उसे विधायक निधि से 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में मनरेगा के भुगतान तथा आरईएस द्वारा संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित सरपंचों से उनकी ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। सरपंचों ने पंचायतों से संबंधित समस्याओं की ओर उप मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधानकारक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सीईओ जनपद रीवा हलधर मिश्रा, प्रभारी सीईओ जनपद रायपुर कर्चुलियान जीएन श्रीवास्तव सहित ग्रामीण विकास विभाग के उपयंत्री उपस्थित रहे।