
Rewa news:बिना वैकल्पिक व्यवस्था के मुख्य मार्ग की पुल बंद, यात्री बेहाल!
रीवा. रीवा शहडोल मार्ग में स्थित बाणसागर देवलोंद में पुल की मरमत ने अब आवागमन पूरी तरह से ठप्प कर दिया है। अभी तक दो पहिया वाहन और पैदल किसी तरह लोग यहां से निकल जाते थे लेकिन अब पुल मरमत के चलते पूरी तरह से आवागमन रोक दिया गया है। अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई है जिससे आवागमन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। देवलोंद पुल में कुछ दिन पूर्व दरार आ गइ्र थी और उसका एक हिस्सा झुक गया था जिसकी वजह से वहां पर पुल में वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। किसी तरह दो पहिया वाहन चालक और पैदल लोग पुल से निकल जाते थे। शुक्रवार को पुल मरमत का कार्य अधिकारियों द्वारा कराया गया। बिना वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किये उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से में लोहा लगाकर कंक्रीट से ढलाई कर दी। उसके दोनों ओर मिट्टी के ऊंचे ढेर लगा दिये जिससे अब लोग पैदल भी यहां से नहीं निकल पा रहे है। प्रशासन द्वारा उक्त स्थल पर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं बनाई गई जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व में जब पुल में आवागमन रोका गया था तो अस्थायी मार्ग बनाकर वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करवाई गई थी लेकिन इस बार अधिकारियों ने यहां वैकल्पिक मार्ग नहीं बनवाया जिससे स्थानीय लोग परेशान है।
30 किमी लंबा सफर तय कर रहे लोग
पुल पर आवागमन रुकने के बाद अब लोग ३० किमी लंबा सफर तय कर रहे हैं। पुल में आवागमन बंद होने के बाद वैकल्पिक मार्ग के रूप में समधिक तिराहा, बुढ़वा, सुखाड़, कुबड़ी मार्ग का वाहन चालकों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है। तमाम भारी वाहन और बसें इसी मार्ग से चल रही है जिससे करीब तीस किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।