Mauganj news:महिलाओं संबंधी अपराधों में कानून का पालन भूली पुलिस पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की पहचान कर दी सार्वजनिक!

Mauganj news:महिलाओं संबंधी अपराधों में कानून का पालन भूली पुलिस पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की पहचान कर दी सार्वजनिक!
नईगढ़ी थाने में पकड़ा गया था दुष्कर्म का आरोपी
रीवा. महिला संबंधी अपराधों में सख्त गाइड लाइन को नजरअंदाज कर पुलिस कई बार बड़ी लापरवाही करती है। शनिवार को ऐसा ही मामला सामने आया, जिसमें पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की पहचान सार्वजनिक कर दी।
मामला मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाने का है। यहां पुलिस ने शनिवार को दुष्कर्म के आरोपी रिंकू अंसारी उर्फ तौहीद मोहम्मद पिता अब्दुल हकीम खान 24 वर्ष निवासी सीतापुर थाना लौर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ दो दिन पहले ही मामला दर्ज हुआ था। आरोपी के पकड़े जाने की सूचना पुलिस ने सार्वजनिक की, जिसमें पीड़िता के नाम का भी उल्लेख कर दिया।
हैरानी की बात है कि बकायदा यह सूचना वायरल भी कर दी गई, लेकिन जिम्मेदारों की नजर उस पर नहीं पड़ी। महिला संबंधी अपराधों में सख्त गाइडलाइन है कि किसी भी सूरत में पीड़ित महिला की पहचान सार्वजनिक न की जाए। इस तरह की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। हालांकि जब मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो तत्काल पुलिस ने अपडेट सूचना जारी की।
महिला से दुष्कर्म कर आरोपी ने वायरल किया था वीडियो
घटना को अंजाम देने वाले आरोपी रिंकू अंसारी ने नईगढ़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने महिला को धमकियां दी थीं, जिस पर पीड़ितों ने परिजनों तक को घटना की जानकारी नहीं दी। उसने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया था। आरोपी ने यह वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद परिजनों को जानकारी हुई। वे पीड़ित महिला को लेकर थाने आये और शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मोबाइल बरामद कर पुलिस उक्त वीडियो की जांच कर रही है।
सूचना में अगर दुष्कर्म की पीड़िता की पहचान सार्वजनिक की गई है, तो गलत है। महिला संबंधी अपराधों में पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना गलत है। इसमें जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।