रीवा

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर रीवा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यकम।

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर रीवा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यकम।

स्वस्थ समाज से ही आर्थिक संपन्न भारत का निर्माण संभव – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल।

 

रीवा । स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ्य समाज आर्थिक संपन्न भारत के निर्माण में सहायक है। हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी। श्री शुक्ल ने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें। उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने बहुत कम उम्र में ऐसी ख्याति प्राप्त की जिससे दुनिया में उनका नाम हुआ। स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी साकर हो रही है कि भारत विश्वगुरू बनेगा। 21वीं सदी में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व गुरू बनने के करीब पहुंच चुका है। हमारा देश आर्थिक महाशक्ति के तौर पर उभरा है।

स्वामी विवेकानंद जी का जीवन न केवल हमें मार्ग प्रशस्त करता है वरन उनके द्वारा दिये गये वाक्य हमें जीवन में आगे बढ़ने में मददगार है। उनके जीवन चरित्र को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्देश्य पूरा करने में समवेत होने का अह्वान उप मुख्यमंत्री ने किया। श्री शुक्ल ने सभी को युवा दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, संयुक्त संचालक केपी तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता, समाजसेवी अतुल जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button