Mauganj news:डिजिटल अरेस्ट खुदकुशी करने वाली शिक्षिका को सहेली ने भी ठगा था आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस!
जांच में खुलासा: मऊगंज पुलिस ने युवती को किया गिरफ्तार, साक्ष्य मिटाने का बनाया आरोपी
मऊगंज . डिजिटल अरेस्ट की शिकार मऊगंज की शिक्षिका रेशमा पाण्डेय की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने महिला की सहेली को भी नामजद कर लिया है। युवती ने भी रेशमा के साथ ठगी की थी और आरोपियों को रुपए भेजने का फर्जी मैसेज दिखा दिया था। रेशमा के आत्महत्या के बाद युवती ने सारे चैट मोबाइल से डिलीट कर दिए थे।
मामले में पुलिस ने राजस्थान के अलवर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में अब पुलिस ने शिक्षिका रेशमा की सहेली आंचल तिवारी को नामजद किया है। 2023 में आंचल ने एक झुमका खरीदा था जो रेशमा को पसंद आने पर खरीद लिया था। बाद में रेशमा ने यह झुमका बदलकर एक मंगलसूत्र खरीद लिया था लेकिन उसका बिल आंचल के नाम पर ही रहा। 5 जनवरी को शिक्षिका को आरोपियों को 5500 रुपए देना था जिस पर उन्होंने आंचल से मंगलसूत्र गिरवी रखवाकर 11 हजार रुपए दिलवाने की बात की।
आंचल ने महिला का मंगलसूत्र अपने पास गिरवी रख लिया और आरोपियों 5500 रुपए भेजने की बात कही। महिला ने उसको आरोपियों का जो बारकोड दिया उसे स्कैन कर युवती ने 5500 रुपए भेजने की बात की और महिला को पैसे भेजने की रसीद भी दिखा दी जिसे महिला ने आरोपियों को भेज दिया लेकिन आरोपियों के खाते में रुपए नहीं गए थे। इस बात पर आरोपियों ने महिला को धमकी देते हुए पुलिस के घर पहुंचने की जानकारी दी जिससे डरकर महिला ने जहर खा लिया था।
घटना के बाद युवती ने डिलीट कर दिया चैट: शिक्षिका के जहर खाने के बाद आंचल ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। उसने महिला के घर जाकर उसके और अपने मोबाइल से आरोपियों से की गई सारी चैट डिलीट कर दी और घटना के साक्ष्य को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने आंचल का मोबाइल जब्त कर जांच के लिए साइबर सेल में भेजा है। पुलिस उसके मोबाइल से डिलीट चैट को रिकवर करने का प्रयास करेगी।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें फरदीन खान और उसका भाई मुनफैद खान, साहिल खान निवासी अलवर शामिल हैं। इनका आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस खंगाल रही है। आरोपियों द्वारा अंजाम दी गई दूसरी घटनाओं के बारे में पुलिस जांच कर रही है।
महिला से साइबर फ्रॉड के मामले में एक युवती को भी गिरफ्तार किया गया है जो उसकी परिचित थी और आरोपियों को रुपए ट्रांसफर करवाने में मदद कर रही थी। युवती ने महिला के कहने पर आरोपियों को रुपए ट्रांसफर करने का फर्जी संदेश दिखाकर रुपए नहीं भेजे थे। उसको गिरफ्तार किया गया है।
-रसना ठाकुर, एसपी मऊगंज