Rewa news:रानी कालेज आफ एजुकेशन मे छात्रों की फीस में 66.70 लाख की धोखाधड़ी, मैनेजर पर मामला दर्ज!
रीवा . रानी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रौसर में छात्रों से फीस वसूलने वाले एक कर्मचारी ने लाखों रुपए की ठगी की। कॉलेज में मैनेजर के पद पर कार्यरत पंकज मिश्रा ने छात्रों से फीस तो वसूली, लेकिन उसे कॉलेज के निर्धारित खाते में जमा नहीं किया। इसके बजाय उसने फीस को अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर कर लिया। यह घटना 2020 से 2024 तक हुई। कॉलेज को इस गबन की जानकारी तब हुई, जब उन्होंने शुल्क के जमा की जांच की।
महाविद्यालय ने जब इसकी शिकायत चोरहटा थाने में की, तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी ने चार वर्षों में 66.70 लाख रुपए का गबन किया। पंकज मिश्रा ने सारी राशि फोन पे के जरिए जमा की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है, लेकिन वह अभी फरार है। कालेज प्रशासन ने 2018 से अब तक 2.36 करोड़ रुपए के गबन की जानकारी दी है, पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है, और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।