Rewa news:बनकुइयां क्षेत्र में अवैध खनन,ब्लास्टिंग से परेशान स्थानीय निवासी!
नौवस्ता. बनकुइयां सर्किल में अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है जिस पर प्रशासन अंकुश नहीं लगा पा रहा है। ब्लास्टिंग से अवैध खनिज निकासी भर नहीं होती है बल्कि लोगों के घरों में पत्थर गिरने से उनकी जान का खतरा बना रहता है। हिनौती निवासी जगन्नाथ यादव, शिवकली यादव, मीराबाई यादव, बंशीधर यादव ने बताया कि यहां स्थानीय लोग राजनैतिक रसूख से खनिज का अवैध उत्खनन कर रहे है। माफिया के विरुद्ध खनिज विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता है।
दो सौ मीटर तक ब्लास्टिंग करने पर पत्थर के टुकड़े उड़कर घर की छतों पर गिरते हैं। प्रशासन के संरक्षण में ही अवैध खनिज पत्थर निकासी में भारी ब्लास्टिंग होती है। कई बार हम लोगों ने खनिज विभाग, पुलिस विभाग में शिकायत किये लेकिन हम गरीबों की कोई सुनने वाला नहीं है। बैजनाथ, खहरिया मे बिना लीज के खनिज संपदा का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। दिन भर में लगभग बीस गाड़ी गिट्टी उत्तरप्रदेश जाती है। बैजनाथ गांव में अधिकांश स्टोन क्रेशरों को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने बंद करा दिया है, लेकिन इसके बाद भी खनिज संपदा का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। न तो पेड़ पौधे लगे हैं, न ही पत्थर की सिंचाई होती है। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के खनिज लीज से अवैध पत्थर निकासी कर सैकड़ो ट्रक गिट्टी प्रतिदिन बेच रहे हैं। जिले में महिला खनिज अधिकारी पदस्थ हैं, जो कहीं भी निरीक्षण में नहीं जाती हैं।
सीज स्टोन क्रेशरों का भी संचालन
भोलगढ़, खहरिया, बैजनाथ, छिजवार, नौबस्ता के लोगों ने बताया कि जिन स्टोन क्रेशरों के विरुद्ध एनजीटी में शिकायती दावा प्रस्तुत किया था, उन स्टोन क्रेशरों के विरुद्ध कलेक्टर ने जांच समिति बनाकर कार्रवाई कराई थी और उनको सीज कर दिया था। जिन क्रेशरों के विरुद्ध शिकायती दावा नहीं था, वे नियम को हांसिए पर रखकर संचालित हो रहे हे। पूर्व प्रत्याशी मीनू सिंह, धीरू सिंह, राघवेंद्र त्रिपाठी, अमित दुबे, अखिलेश द्विवेदी, रामप्रकाश शर्मा, रामजियावन यादव, लवकुश मिश्रा ने कार्रवाई की मांग की है।