Rewa news:शार्ट वीडियो ने खोला हत्या का राज, बेटे की साली ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी वारदात,नातिन से प्यार करता था आरोपी!
रीवा. शार्ट वीडियो ने 7 माह पुरानी अंधी हत्या का रहस्य खोल दिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाली महिला मृतक के बेटे की साली निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी फरार है।
जवा थाना क्षेत्र से एक वृद्ध अक्टूबर 2024 में गायब हुआ था। उसकी गुमशुदगी थाने में कायम थी। पेंडिंग मामलों की समीक्षा कर रहे एसडीओपी उदित मिश्रा ने इस मामले की नए सिरे जांच शुरू कराकर परिजनों को बुलवाकर उनके बयान लिए। जांच के दौरान एक शार्ट वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, जिसमें महिला वृद्ध के साथ मारपीट करते दिखी। यह वीडियो वृद्ध की बहन के लड़के के मोबाइल में मिला था। वीडियो में वृद्ध के साथ मारपीट करने वाली महिला बेटे की साली निकली, जो प्रयागराज के शंकरगढ़ में रहती थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वीडियो के आधार पर उससे पूछताछ की तो उसने वृद्ध की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
हत्या के बाद किशोरी को ले गया था आरोपी
घटना के तीन माह बाद आरोपी अंकित उक्त किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस बात से अनजान परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया और उसके बयान के आधार पर आरोपी अंकित सहित चार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया था। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने महिला द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो वायरल करना शुरू कर दिया था, जिसने इस हत्याकांड का रहस्य खोल दिया।
पहले मारपीट की, फिर गला घोंटा
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह वृद्ध को एक्सीडेंट होने का झांसा देकर अपने प्रेमी अंकित यादव निवासी देवरा लोनीपार शंकरगढ़ जिला प्रयागराज के साथ गढ़ के देऊर बौद्ध स्तूप में लेकर गई। वहां महिला ने वृद्ध के साथ पहले मारपीट की। बाद में गमछे से उसका गला घोंट दिया। आरोपियों ने पहचान छिपाने पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया था। गढ़ थाने में हत्या का प्रकरण कायम था, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने घटनास्थल का वीडियो, पत्थर के टुकड़े, मृतक की चप्पल व कपड़े बरामद किए हैं। मामले में अंकित यादव फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
उक्त महिला का प्रेमी अंकित यादव वृद्ध की नातिन से प्यार करता था। नातिन अपने मौसी के घर जाती थी, जहां उसका उससे संपर्क हुआ। उसने महिला की मदद लेकर उसको प्रेमजाल में फंसाया। महिला के साथ वह कई बार वृद्ध के घर भी नातिन से मिलने आया था। उसने किशोरी को झांसा देकर प्रेमजाल में फंसा लिया था।
महिला के इरादों को भांपकर करता था विरोध
उक्त महिला के पति की मौत के बाद युवक से अवैध संबंध हो गया था। वह अपनी बहन की लड़की को भी आरोपी के साथ प्रेम प्रसंग के लिए बहलाती थी, जिसकी जानकारी वृद्ध को हो गई थी। उसके इरादों को भांपकर वह महिला का घर आने से विरोध करते थे। लड़की को उसके पास नहीं जाने देते थे। इस बात को लेकर महिला और प्रेमी ने उसको रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
जवा थाने के गुम इंसान की जांच के दौरान अंधी हत्या का पर्दाफाश हुआ है। एक वीडियो के आधार पर आरोपी महिला की पहचान हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। विवेक सिंह, एसपी रीवा