Rewa MP: आज मनगवां क्षेत्र में 49.97 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की मुख्यमंत्री देंगे सौगात।

Rewa MP: आज मनगवां क्षेत्र में 49.97 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की मुख्यमंत्री देंगे सौगात।
देखिए वीडियो में पूरी खबर 👇
रीवा। जिले के मनगवां विधानसभा क्षेत्र के जनपद मुख्यालय गंगेव स्टेडियम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 4 जून को आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव रीवा के गंगेव में आयोजित महिला स्वसहायता समूह के सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव सुबह 11.55 बजे भोपाल से वायुयान से प्रस्थान कर दोपहर 12.30 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री जबलपुर से हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर 12.35 बजे प्रस्थान कर 1.30 बजे उमरिया जिले के पाली पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे पाली से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर दोपहर बाद 3.45 बजे हेलीपैड गंगेव पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम महिला स्वसहायता समूह सशक्तिकरण समारोह में 49 करोड़ 97 लाख रुपए के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव 29 करोड़ 39 लाख रुपए की लागत के 6 निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री मनगवां विधानसभा क्षेत्र में 10 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इनमें उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन भदावल, छत्रगढ़, कोट, हकरिया, अमहा, बेलवा पैकान, घोपी, जोरौट, परासी तथा रक्सामाजन शामिल हैं। इनकी कुल लागत 6 करोड़ 50 लाख रुपए है। प्रत्येक उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के लिए 65 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 6 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 11 अमृत सरोवर, एक करोड़ पाँच लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 7 सामुदायिक पार्क और एक करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 5 सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री 4 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाली जोधपुर नम्बर एक से मुरली पहुंचमार्ग और 9 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगेव के 50 बिस्तरीय भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ यादव 20 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत के 2 निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मनगवां विधानसभा क्षेत्र में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक सात के तिवनी जंक्शन मनगवां में भूतल परिवहन मंत्रालय के ईपीसी योजना अन्तर्गत छ: लेन के ओव्हर ब्रिाज का लोकार्पण करेंगे। इसका निर्माण में 14 करोड़ 85 लाख रुपए में कराया गया है। वहीं मनगवां में 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया है। इसके उन्नयन में 5 करोड़ 73 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री इन दोनों कार्यों का लोकार्पण कर आमजनता को सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले क्षेत्रीय विधायक इंजी नरेंद्र प्रजापति और जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी और वरिष्ठ जनपद सदस्य मृगेंद्र नाथ त्रिपाठी द्वारा मनगवां विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील की गई है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा विधानसभा क्षेत्र मनगवां को दी जाने वाली विकास की सौगात का साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में गंगेव जनपद मुख्यालय स्थित स्टेडियम में समय अपराह्न 2 बजे पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।