Mauganj news:ओडिशा से गांजा लेकर आए तीन तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सात किलो गाजा बरामद!
मऊगंज. पुलिस ने ओडिशा से चार पहिया वाहन में गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सात किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। यह कार्रवाई मऊगंज पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के निर्देश पर की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से चार पहिया वाहन में गांजा की एक बड़ी खेप मऊगंज आ रही है। एएसपी विक्रम सिंह ने तत्काल मऊगंज थाना प्रभारी राजेश पटेल को कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसमें सवार तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर वाहन से सात किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बृजेश उर्फ बिन्नू विश्वकर्मा (25 वर्ष, निवासी पहाड़ी, थाना शाहपुर), नकछेदी पटेल (45) और जगदीश गुप्ता (40) दोनों निवासी राजगढ़, थाना अमिलिया, जिला सीधी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लाए थे और इसे शाहपुर में बेचने जा रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने रास्ते में कहीं और भी गांजा उतारा होगा, जिसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ये आरोपी छत्तीसगढ़ से मिर्जापुर होते हुए रीवा आ रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सप्लायर का नाम आया, पूर्व से है वांटेड
पुलिस ने ओडिशा से गांजा तस्करी के मामले में राजू पटेल नामक एक शातिर तस्कर को मुख्य सप्लायर के रूप में चिह्नित किया है। राजू ने ही पकड़े गए तीनों आरोपियों को ओडिशा से गांजा लोड करवाया था। वह पहले भी गांजा तस्करी के एक मामले में वांछित था। मऊगंज पुलिस ने महिलाओं को भी नागपुर से गांजे के साथ पकड़ा था। पुलिस अब राजू पटेल की तलाश कर रही है।
चार पहिया वाहन में तस्कर गांजा लोड कर ला रहे थे। उनको गिरफ्तार किया है। तीनो आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वाहन में सात किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी कहां-कहां गांजा की खेप उतारे हैं, इसका भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा।
सुचि पाठक, एसडीओपी मऊगंज