Rewa news, झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे कांग्रेस विधायक: संगीता राजेश यादव।

MP news, झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे कांग्रेस विधायक: संगीता राजेश यादव।
रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में नाटकीय राजनीति खत्म होने का नाम नहीं ले रही है सेमरिया क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर वर्तमान कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर झूठा श्रेय लेने का आरोप लगा है जनपद पंचायत रीवा की अध्यक्ष संगीता राजेश यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों जिस तेजी से विकास कार्य ज़मीन पर नज़र आ रहे हैं, वह कोई संयोग नहीं, बल्कि पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी की सतत मेहनत, प्रभाव और जनसेवा के जज़्बे का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। भले ही वह आज विधायक नहीं हैं, लेकिन वो क्षेत्र की समस्याओं और जनता की जरूरतों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि थनवरिया गांव में स्वीकृत नवीन विद्युत सबस्टेशन हो या फिर बसामन मामा गोवंश वन्य विहार, पूर्वा में 43 लाख की लागत से बने रपटा कम स्टॉप डैम या फिर जर्जर पड़े पंचायत भवनों का नवनिर्माण, बोदा मनकहरी से फरहद तक 125 करोड़ रुपये और अजगरहा से बहुरीबांध तक 46 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की परियोजनाएं साथ ही विभिन्न टोलों-मजरों को मुख्यधारा से जोड़ने वाली 45 नई सड़कों की स्वीकृति, जिससे न केवल सेमरिया और आसपास का यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
श्रीमती यादव ने कहा कि नवीन कार्यों के साथ ही पुराने कार्यों को भी गति मिली है, जिसमें माइक्रो एरिगेशन परियोजना जैसे अहम इंफ्रास्ट्रक्चर विकास भी शामिल हैं, जो क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होंगे। इन सभी विकास योजनाओं के पीछे यदि किसी का सबसे बड़ा योगदान है तो वह प्रत्यक्ष तौर पर पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी का है इन प्रयासों से न केवल विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा बल्कि क्षेत्र की सिंचाई, परिवहन और पर्यावरणीय स्थिति को भी मजबूती मिलेगी। गौशालाओं गौसेवा, जलसंचयन योजनाओं का क्रियान्वयन और ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विस्तार हर क्षेत्र में पूर्व विधायक की सक्रियता यह बताती है कि वो पूरे मनोयोग से जनता की सेवा में समर्पित हैं।
श्रीमती यादव ने कहा कि सेमरिया के वर्तमान कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा की भूमिका सवालों के घेरे में है। जनता यह भली-भांति जानती है कि अभय मिश्रा ना तो किसी विकास कार्य की शुरुआत करते हैं, और ना ही उन्हें पूर्ण कराने में उनकी कोई भूमिका रहती हैं। हद तो तब हो जाती है जब वह उन्हीं कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास करते हैं जो भाजपा शासन में, और विशेष रूप से केपी त्रिपाठी के प्रयास और पहल पर शुरू हुए हैं।
श्रीमती यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि अभय मिश्रा का राजनीतिक आचरण केवल दूसरों पर आरोप लगाने और भाजपा के खिलाफ बयानबाज़ी तक सीमित रह गया है। जबकि केपी त्रिपाठी बिना किसी पद के भी क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देकर विकास को गति दे रहे हैं।