MP को 15 जनवरी तक मिल सकता है भावी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, देखें इन दावेदारों में किसके सर बंधेगा ताज।

MP को 15 जनवरी तक मिल सकता है भावी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, देखें इन दावेदारों में किसके सर बंधेगा ताज।

मध्य प्रदेश में कौन बनेगा भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष? इस बार किसका चमकेगा भाग्य।

विधानसभा चुनाव हारने वाले कई महारथी भी दौड़ में शामिल।
सांसद ही बनते आ रहे प्रदेश अध्यक्ष।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर किसकी ताजपोशी होगी? कौन होगा बीजेपी मध्य प्रदेश का सरदार!

बीजेपी का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा ? अब पार्टी किसे मध्यप्रदेश भाजपा की कमान सौंपेगी।

इस बात की चर्चा भोपाल से लेकर दिल्ली तक चल रही है, संभवतः नए साल 2025 में आगामी 15 जनवरी तक बीजेपी की मध्य प्रदेश इकाई को नया अध्यक्ष मिल जाएगा, लेकिन किसके नाम का ऐलान होगा, यही तो यक्ष प्रश्न है? जिसे लेकर घमासान मचा है, जिसे लेकर हर कोई अलग अलग नाम पर चर्चा कर रहा है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पद को लेकर नेताओं के बीच रायशुमारी चल ही रही है। कहा जा रहा कि सभी जिला अध्यक्षों की घोषणा के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चयन होगा। जाहिर ही है कि सत्तासीन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में इस बार कई नेताओं के नाम शामिल हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव हारने वाले कई नेता प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी के लिए भी कई नामों का जिक्र हो रहा है। हालांकि, अभी पार्टी आलाकमान का पूरा फोकस जिला अध्यक्ष पर किया है।

जिला अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि मिलकर प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेंगे। प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को 4 साल का कार्यकाल मिला है। लोकसभा चुनाव की वजह से पिछले साल होने वाले चुनाव को इस बार संपन्न कराया जा रहा है। अगर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के पद की बात की जाए तो लंबे समय से यह देखने में आ रहा है कि सांसदों को ही ये जिम्मेदारी दी जा रही है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण जटिया, नंदू चौहान, राकेश सिंह, विष्णु दत्त शर्मा जैसे कई नाम शामिल हैं। कोई अचरज नहीं होगा अगर इस बार भी किसी सांसद को ही प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान मिले ।

भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी दोबारा कार्यकाल की दौड़ में दमखम से नजर आ रहे हैं। उनके कार्यकाल में ही बीजेपी की दो बार सरकार बन चुकी है। जब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उस समय मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद बीजेपी की सरकार बन गई । इसके पश्चात विधानसभा चुनाव 2023 में भी विष्णु दत्त शर्मा का ही कार्यकाल था । जब बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।

नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए फिलहाल कई दावेदारों के नामों की चर्चाएं हैं जिनमें ब्राह्मण, ओबीसी और अनुसूचित जाति से आने वाले नेता शामिल हैं। चर्चाएं ये भी हैं कि मोदी-शाह की जोड़ी मुख्यमंत्री के नाम की ही तरह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर भी चौंका सकती है। पर कुछ नाम जो इस रेस यानी दौड़ में आगे चल रहे वो हैं..वीडी शर्मा- खजुराहो सांसद और वर्तमान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा फिर से प्रदेशाध्यक्ष बनने के सशक्त दावेदार हैं। सदस्यता अभियान में भी मध्यप्रदेश पूरे देश में अग्रणी रहा।

नरोत्तम मिश्रा- पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ब्राह्मण चेहरे के तौर पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के दावेदार बने हुए हैं। विधानसभा चुनाव हारने के बाद नरोत्तम मिश्रा लगातार संगठन में सक्रिया हैं और लोकसभा चुनाव के दौरान न्यू ज्वाइनिंग टोली के संयोजक भी हैं जिन्होंने बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को भाजपा ज्वाइन कराया। संघ और पार्टी आलाकमान की पसंद भी हैं।

राजेंद्र शुक्ल: वर्तमान में प्रदेश के डिप्टी सीएम है, प्रदेश में मोदी शाह के पसंदीदा नेताओं में से भी एक है। अच्छा खासा लंबा राजनीतिक संगठनात्मक अनुभव है। सबको जोड़ कर रखने में माहिर है। शांत सौम्य साफ छवि पर साहसिक फैसले इनकी खासियत है। सकारात्मक रुख और विकासोन्मुखी सोच इनकी कार्यशैली की खासियत है।

फग्गन सिंह कुलस्ते- मंडला लोकसभा सीट से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम भी चर्चाओं में हैं। आदिवासी चेहरा होने के साथ ही फग्गन सिंह कुलस्ते काफी अनुभवी भी हैं और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

लाल सिंह आर्य- अनुसूचित जाति के होने के कारण लाल सिंह आर्य भी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के दावेदार हैं। लाल सिंह आर्य लगातार दो चुनाव हारने के बाद भी संगठन में सक्रिय हैं और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी उनके नाम पर सहमत होना उनके पक्ष में है।

हेमंत खंडेलवाल – बैतूल विधानसभा सीट से विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे चौंकाने वाला है। तमाम दिग्गज नेताओं के बीच हेमंत खंडेलवाल का नाम बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की दावेदारों में सामने आ रहा है । हेमंत खंडेलवाल वर्तमान में विधायक होने के साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं।

इन नामों के अलावा हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, देवास सांसद महेन्द्र सोलंकी, पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया के नाम भी चर्चाओं में हैं। महिला चेहरों में सागर सांसद लता वानखेड़े, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस और सीधी विधायक रीति पाठक के नामों की भी चर्चा है।

तो देखते रहिए कि बीजेपी अगला प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाती है, प्रचलित संभावित नामों में से किसी एक को मौका देती है या फिर किसी अनूठे नए नाम को आगे लाकर चौका देती है।

Exit mobile version