MP news:खत्म हुआ तबादलों का इंतजार मंत्रियों को मिले अधिकार!

MP news:खत्म हुआ तबादलों का इंतजार मंत्रियों को मिले अधिकार!
सभी ने लोकमाता अहिल्याबाई को माना साक्षी
कैबिनेट बैठक में निर्णय लोकमाता अहिल्याबाई को साक्षी मानकर लिए गए। सीएम सहित सभी मंत्रियों के पास अहिल्याबाई की प्रतिमा रखी थी। बैठक स्थल को दरबार हॉल की तरह सजाया गया था।
भोपाल/महेश्वर. राज्य सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। अब उनके तबादले हो सकेंगे। इसके अधिकार मंत्रियों को दिए गए हैं। शुक्रवार को महेश्वर में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। तबादला नीति में भी संशोधन को हरीझंडी दी गई। हालांकि मंत्री विशेष परिस्थितियों में ही तबादले कर सकेंगे। मंत्रियों को अनुशंसा के अधिकार कब तक रहेंगे फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। राज्य में लंबे समय से तबादलों पर रोक लगी है। वहीं मई-जून में नई तबादला नीति आने की संभावना है। इससे मंत्रियों को सभी प्रकार के अधिकारी-कर्मचारियों के तबादलों के अधिकार मिल जाएंगे।
ट्रांसफर के आधार
गंभीर बीमारी जैसे कैंसर, लकवा, हृदयाघात या पक्षाघात इत्यादि से उत्पन्न तात्कालिक परिस्थिति के आधार पर।
शारीरिक, मानसिक दिव्यांगता के आधार पर तबादला हो सकेगा।
ऐसे न्यायालयीन आदेश पर ट्रांसफर किया जा सकेगा, जिसका पालन करने के अलावा सरकार के पास कोई विकल्प न बचा हो।
गंभीर शिकायतें होने और गंभीर अनियमितता का मामला सामने आने पर या प्रथमदृष्टया गंभीर लापरवाही साबित होने पर भी।
लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू या पुलिस द्वारा आपराधिक केस दर्ज करने पर।
अभियोजन की कार्यवाही शुरू होने पर। निलंबन स्थिति में डीम्ड अवकाश, त्यागपत्र, सामान्य या अनिवार्य या स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति, पदोन्नति, क्रमोन्नति, प्रतिनियुक्ति से वापसी या शासकीय सेवक की मृत्यु के बाद खाली पद भरने के लिए।
किसानों को सस्ते में मिलेंगे सोलर पंप
किसानों को अस्थायी विद्युत पंप कनेक्शन मिलेेंगे। सोलर पंप सस्ते में दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के तहत 3 एचपी एवं इससे अधिक के सोलर पंप पर 30% अनुदान एवं कृषक ऋण 65, 5% मार्जिन मनी रहेगी। साढ़े सात हार्स पॉवर के पंप पर 30% अनुदान, 60% ऋण और 10% मार्जिन मनी रहेगी। कैबिनेट में आंबेडकर विवि महू में विधि संकाय के लिए 25 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।
कौशल विकास को बढ़ावा
‘मप्र एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग कॉमिक्स और विस्तारित रियलिटी (एवीजीसी/एक्सआर) नीति-2025’ जारी करने का भी निर्णय लिया गया। इससे एवीजीसी-एक्सआर उद्योग के लिए राज्य में स्थायी पारिस्थितिकी-तंत्र का निर्माण होगा। नतीजतन निवेश बढ़ेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। राज्य को इस क्षेत्र में विश्व स्तरीय उत्पादन केंद्र बनानेमें मदद मिलेगी।
नए जिले मऊगंज, मैहर एवं पांढुर्णा में जिला अस्पताल संचालन के लिए 424 पदों की स्वीकृति। इसमें 421 नियमित एवं तीन संविदा पद शामिल।
कल्याणी विभाग को प्रोत्साहन देने का निर्णय। कल्याणी बहनों के विवाह के लिए अभियान चलाएंगे। दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान।
मंत्रियों और अफसरों ने खरीदी महेश्वरी साड़ियां
कैबिनेट बैठक में अतिथियों के स्वागत और अभिनंदन के लिए महेश्वर नगर में उत्साह रहा। मुख्य सड़कों पर सजावट के साथ ही नर्मदा घाट को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर मंत्रियों के स्वागत के लिए स्थानीय लोग खड़े रहे। काफिले पर फूल बरसाये। बैठक के बाद कई मंत्री और उनके अफसरों ने महेश्वरी साड़ियां खरीदीं। महेश्वर में 22 वर्ष बाद कैबिनेट बैठक हुई। एक घंटे की बैठक के लिए सैकड़ों लोगों ने करीब एक सप्ताह से मेहनत कर व्यवस्था को चाकचौबंद किया।
सड़कों को रंग-बिरंगे दुपट्टों से सजाया गया। घाट से लेकर नाव, मंदिरों, सीढ़ियों पर सजावट की गई थी।
होटल्स में नो रूम
800 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए थे। मंत्रियों के आगमन से उनके समर्थक और आसपास के नेता भी पहुंचे। इसके चलते ज्यादातर होटल्स में नो-रूम की स्थिति रही। पिछले तीन-चार दिन से अफसरों और कर्मचारियों की आवाजाही बढ़ने से नगर में रौनक रही। कई होल्टस ने विशेष प्रबंध किए थे।