MP news:मुख्यमंत्री बोले अब सीएम राइज स्कूल कहलाएंगे ‘सांदीपनि’ सीएम राइज नाम खटकता है

MP news:मुख्यमंत्री बोले अब सीएम राइज स्कूल कहलाएंगे ‘सांदीपनि’ सीएम राइज नाम खटकता है!
भोपाल. सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि स्कूल करने का ऐलान किया है। शास. नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल चलें हम अभियान-2025 कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंच से सीएम ने कहा, सीएम राइज नाम खटकता है। अंग्रेज चले गए, पर यह मानसिकता तकलीफ देती है। उन्होंने कहा, सही मायने में स्कूल चलें हम अभियान 5000 साल पहले शुरू हो चुका था, जब इसे गुरुकुल कहते थे।
आज ये स्कूल कहलाते हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने 11 साल की उम्र में कंस का वध किया और फिर शिक्षा के लिए सांदीपनि आश्रम गए, जहां उनकी सुदामा से मित्रता हुई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से भी श्रीकृष्ण और सुदामा जैसा रिश्ता बनाने की अपील की।
सीएम राइज के पीछे धारणा
तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह ने सरकारी स्कूलों की छवि सुधारने के लिए 10 किमी क्षेत्र के स्कूलों को मर्ज कर बड़ा स्कूल बनाने की योजना बनाई थी। 2021-22 में यह सरकार के ड्रीम के रूप में शुरू हुआ, इसलिए सीएम शब्द जोड़ा, जबकि राइज शब्द (आर फॉर रिस्पेक्ट, आइ फॉर इंटीग्रेटेड, एस फॉर स्ट्रेंथ, ई-फॉर एक्सीलेंस) जोड़ने के पीछे कारण था कि ये क्वॉलिटी स्कूलों के बच्चों में हों। अभी प्रदेश में 365 सीएम राइज स्कूल हैं। इनमें 4.7 लाख बच्चे हैं।
योजना के तहत भोपाल के आठ स्कूलों को शामिल किया था। सीएम राइज स्कूलों में 4.75 लाख विद्यार्थी हैं। प्रदेश के ऐसे 9,200 स्कूल तैयार करने का प्लान है। 2021-22 में इनको शुरू किया गया था।