Mauganj mp:मऊगंज की पुलिस चौकियों की हालत खस्ता, दो जवानों के भरोसे 85 गांव,थाने के रूप में उन्नयन का प्रस्ताव!

Mauganj mp:मऊगंज की पुलिस चौकियों की हालत खस्ता, दो जवानों के भरोसे 85 गांव,थाने के रूप में उन्नयन का प्रस्ताव!

 

 

 

 

रीवा. मऊगंज जिले की पुलिस चौकियों की हालत दिनोंदिन खस्ता होती जा रही है। यहां बल की कमी कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हनुमना थाना क्षेत्र की दो प्रमुख चौकियों हाटा और पिपराही की हालत सबसे अधिक चिंताजनक है।

 

 

 

 

हाटा पुलिस चौकी में मात्र एक सब इंस्पेक्टर और एक प्रधान आरक्षक पदस्थ हैं, जबकि इस चौकी के अंतर्गत 85 गांव आते हैं और इसका क्षेत्रफल करीब 25 किमी है। इतने बड़े इलाके की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ दो पुलिसकर्मियों के भरोसे है, जो बेहद असंतुलित है। इसी प्रकार पिपराही पुलिस चौकी की स्थिति भी अलग नहीं है। यहां एक एएसआई और एक आरक्षक तैनात हैं, जबकि चौकी क्षेत्र में 25 गांव और लगभग 15 किमी का दायरा है। इन हालातों में न तो समय पर अपराधियों की धरपकड़ हो पाती है और न ही प्रभावी गश्त संभव हो पाती है। सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है जब पुलिसकर्मी किसी घटनास्थल का निरीक्षण करने जाते हैं। ऐसे में चौकी पर ताला लगाना पड़ता है और यदि कोई रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचे, तो उसे इंतजार करना पड़ता है। वहीं, नईगढ़ी थाना क्षेत्र की रामपुर चौकी में तीन पुलिसकर्मी पदस्थ हैं, लेकिन एक भी कर्मचारी अवकाश पर चला जाए तो शेष बल चौकी संभालने में असमर्थ हो जाता है। गौरतलब है कि हनुमना की दोनों चौकियां उत्तर प्रदेश सीमा से सटी हैं, ऐसे में इनका रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है।

 

 

 

 

थानों में भी नहीं है पर्याप्त बल
मऊगंज जिले के पुलिस थानों में भी स्वीकृत बल के मुकाबले कर्मचारियों की संख्या कम है। मऊगंज थाने में स्वीकृत 40 में से 28, हनुमना में 35 में से 21, नईगढ़ी में 36 में से 20, शाहपुर में 32 में से 18 और लौर में 32 में से 19 पुलिसकर्मी ही कार्यरत हैं।

 

 

 

 

हालात को देखते हुए प्रशासन ने हाटा, पिपराही, खटखरी और रामपुर चौकियों को थाने के रूप में उन्नयन करने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्तावित उन्नयन से संसाधनों और स्टाफ की उपलब्धता में सुधार आने की उम्मीद है। साथ ही जडक़ुड़, बहुती, पहाड़ी, सीतापुर में नई चौकियों की स्थापना का भी प्रस्ताव भेजा गया है।

 

 

 

 

हाइवे पेट्रोलिंग भी दो कर्मचारियों के भरोसे

हनुमना बायपास पर बनी हाइवे पेट्रोलिंग चौकी में दस पदों की स्वीकृति है, लेकिन वर्तमान में केवल दो पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां भी कभी-कभी ताला लगाकर बाहर जाना पड़ता है, जिससे आमजन को असुविधा होती है।

 

 

 

बल मिलते तैनाती की जाएगी
पुलिस चौकियों में बल की कुछ समस्या है जिसे जल्द दूर किया जा रहा है। मौजूदा बल और संसाधनों से बेहतर काम करवाने का प्रयास किया जा रहा है। बल मिलते तैनाती की जाएगी।

दिलीप कुमार सोनी, एसपी मऊगंज

Exit mobile version