Rewa MP: 14.56 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मनगवां ओवरब्रिज भ्रष्टाचार का मामला पहुंचा ईओडब्ल्यू

Rewa MP:अधिवक्ता मानवेन्द्र द्विवेदी ने ईओडब्ल्यू को शिकायती पत्र देकर मनगवां फ्लायओवर में अनियमितता की जांच की मांग की!
रीवा . नेशनल हाईवे पर मनगवां में बनाए गए फ्लायओवर के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू एसपी से की गई है। शिकायतकर्ता मानवेन्द्र द्विवेदी ने कहा है कि इस फ्लायओवर से करीब छह महीने से वाहनों की आवाजाही हो रही है, जबकि इसका विधिवत लोकार्पण दो महीने पहले ही कराया गया है। वर्तमान में फ्लायओवर के सड़क के परखच्चे उड़ गए हैं। कई जगह गड्ढे हो गए हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि मनगवां फ्लायओवर के निर्माण में 14.56 करोड़ की लागत आई थी। निर्माण कार्य जनवरी-फरवरी 2025 के बीच पूरा कर जनता को सौंपा गया, लेकिन बेहद कम समय में ही इसका हाल बुरा हो गया। सड़क की उखड़ी परतें और उड़ती धूल निर्माण में भारी अनियमितता और घटिया गुणवत्ता की ओर इशारा कर रही हैं। यह निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सुपरविजन में रामसज्जन शुक्ला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया गया। अधिकारियों और संविदाकार के बीच मिलीभगत से शासन को करोड़ों रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। इससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका भी है। इसलिए जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।