Rewa MP:जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर अभद्रता किए जाने का आरोप,भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने जताया विरोध!
रीवा . जिले के जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर अभद्रता का आरोप लगाया गया है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकताओं ने इस पर विरोध जताया है। बताया कि भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह बालियान (यूपी) और अन्य कार्यकर्ता जब रीवा जिले के जोगिनिहाई टोल प्लाजा से होकर सतना की ओर जा रहे थे तब टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा उनकी गाड़ी को गलत लेन में ले जाकर फास्टैग स्कैन न करते हुए दोगुना शुल्क वसूलने का प्रयास किया गया। आरोप है कि जब अनुज ने इसका विरोध किया और फास्टैग स्कैन करने की मांग की तो टोल कर्मियों ने अभद्रता की। इसकी जानकारी मिलते ही यूनियन के रीवा जिला अध्यक्ष सुग्रीव सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह बालियान के साथ जोगिनिहाई टोल प्लाजा में टोल कर्मियों द्वारा की गई अभद्रता के विरोध में जिले के पदाधिकारियों ने थाना रायपुर कर्चुलियान में ज्ञापन सौंपा है। यूनियन के जिलाध्यक्ष सुग्रीव सिंह सहित अन्य ने दोषी टोल कर्मचारियों पर एफआइआर दर्ज करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि 7 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो टोल प्लाजा पर प्रदर्शन होगा। ज्ञापन सौंपने में प्रदेश महासचिव उमेश पटेल, संभागीय अध्यक्ष हरिहर प्रसाद पटेल, घनश्याम सिंह मौजूद रहे।