Singrauli news::ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ छ: लोगों ने जंगल में किया गैंगरेप सभी आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच में जुटी माड़ा पुलिस

ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ छ: लोगों ने जंगल में किया गैंगरेप
सभी आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच में जुटी माड़ा पुलिस
सिंगरौली। सिंगरौली में ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। 22 साल की युवती एक कार्यक्रम में डांस करने के बाद साथी के साथ लौट रही थी। रास्ते में बाइक सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। साथी के साथ मारपीट की। युवती को जंगल में घसीटकर ले गए। आरोपी कार्यक्रम में मौजूद थे, वे डांस कर रही लड़कियों पर कमेंट कर रहे थे। इसके बाद पीछा करने लगे। घटना बुधवार देर रात की है। पीड़िता के साथी का आरोप है कि पुलिस ने जंगल में युवती को तलाश करने के बजाय उसे थाने में बिठाए रखा और मारपीट की। वहीं, आरोपों को लेकर पुलिस कुछ भी नहीं कह रही है। गुरुवार को पीड़िता माड़ा पुलिस थाने पहुंची। रात करीब 10 बजे केस दर्ज किया गया। शुक्रवार को पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सहेलियों के साथ डांस करने गई थी पीड़िता
पुलिस के मुताबिक शितूल गांव के रहने वाले देव कुमार शाह के घर बुधवार को छठी (बारहो संस्कार) कार्यक्रम था। इसके लिए सरई इलाके से ऑर्केस्ट्रा बुलाया गया था। इसमें अपनी बहन के साथ पीड़ित और अन्य युवती भी पहुंची थी। रात तकरीबन 10 बजे से 1 बजे तक डांस प्रोग्राम चला। तीनों एक साथ रात करीब डेढ़ बजे चार साथियों के साथ चार बाइक से घर के लिए निकले। सभी आगे-पीछे चल रहे थे। दो बाइक सवार के साथ पीड़िता की बहन आगे निकल गई। तीसरी बाइक पर पीड़िता साथी के साथ, चौथी पर अन्य साथी पीछे आ रहे थे।
जबरन बाइक से उतारकर ले गए आरोपी
रजमिलान चौराहे के पास चार बाइक पर सवार 8 से 10. बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। दोस्त ने विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की। युवती को जबरन बाइक उतारकर अपने साथ सखौहां शिव मंदिर के पास जंगल में ले गए। यहां छह लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने युवती का फोन भी छीन लिया।
दोस्त बोला- पुलिस आधे घंटे बाद पहुंची
युवती के साथी युवक ने बताया, आरोपियों के युवती को ले जाने के बाद चौधी बाइक पर बैठे साथी वहां पहुंचे। हमने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को तलाश करने के बजाय पुलिस हम तीनों को बंधौरा चौकी ले गई। यहां से पुलिस ने साथी युवती को घर भेज दिया। हम दोनों लड़कों को बिठा लिया। पुलिस हमसे ये कहते हुए मारपीट करती रही कि हमने ही कुछ किया है।
लिफ्ट लेकर घर पहुंची पीड़िता
सुबह 6 बजे आरोपी युवती को उसी हालत में छोड़कर भाग गए। पीड़िता ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट लेकर घर पहुंची। उसने बड़ी बहन को पूरी घटना बताई। इसके बाद ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाले साथियों और बहन के साथ थाने पहुंची। दिनभर पड़ताल के बाद रात करीब 10 बजे पुलिस ने केस दर्ज किया। रात करीब 11 बजे के बाद मेडिकल परीक्षण किया गया।
पीड़ित की बड़ी बहन ऑर्केस्ट्रा की मालकिन
पीड़िता के साथी युवक ने बताया कि पीड़िता की बड़ी बहन ऑर्केस्ट्रा की संचालक है। उसी ने 3500 रुपए में बुकिंग ली थी। इनमें से तीन हजार रुपए मिल गए थे, जबकि 500 रुपए शुक्रवार को देना तय हुआ था। युवक ने यह भी बताया कि आरोपी गांव में कार्यक्रम के दौरान भी डांस करने की जिद करते हुए बार-बार कमेंट कर रहे थे। आरोपी शितूल गांव से ही पीछा कर रहे थे। अनहोनी की आशंका के चलते हम लोग गांव के पास के पेट्रोल पंप में थोड़ी देर के लिए रुके भी थे। यहां भी आरोपी कमेंट करते रहे। एसपी मनीष खत्री ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज होने के बाद ही ज्यादा कुछ बता पाएंगे।