Rewa MP:पुलिस मुख्यालय द्वारा रीवा पुलिस को आधुनिक वाहनों की सौगात,पुलिस अधीक्षक ने पूजन उपरान्त हरी झण्डी दिखाकर वाहनों को किया रवाना!
रीवा। पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा जिला रीवा को नवीन शासकीय वाहनों का आवंटन किया गया है। इन अत्याधुनिक संसाधनों के शामिल होने से जिले की कानून-व्यवस्था, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया एवं वैज्ञानिक अपराध अनुसंधान की क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आज आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय रीवा श्री शैलेंद्र सिंह चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्रीमती आरती सिंह द्वारा विधिवत पूजन-अर्चना कर इन नवीन वाहनों को विभागीय सेवा हेतु समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इन संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि यह पहल आमजन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
आवंटित वाहनों का विवरण इस प्रकार है
मोबाइल फॉरेंसिक वैन (MP03ZA1487): टाटा विंगर मॉडल पर आधारित यह अत्याधुनिक वैन घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण एवं त्वरित विश्लेषण के लिए विशेष रूप से सुसज्जित है। इसके माध्यम से ‘सीन ऑफ क्राइम’ यूनिट को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
बोलेरो नियो (MP03ZA1579 एवं MP03ZA1580)
ये दो नए वाहन पुलिस की फील्ड ड्यूटी, त्वरित रिस्पॉन्स एवं प्रभावी गश्त को सुनिश्चित करेंगे, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की पहुंच और भी तेज होगी।
फोर्स मिनी बस (MP03ZA1489)
पुलिस बल के सुगम आवागमन एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान जवानों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन के लिए इस वाहन को शामिल किया गया है।
टाटा ट्रक (MP03ZA1476)
विभागीय लॉजिस्टिक्स, उपकरणों एवं अन्य भारी सामग्री के सुचारू परिवहन हेतु इस ट्रक का आवंटन किया गया है, जिससे विभिन्न अभियानों एवं व्यवस्थाओं में सुविधा प्राप्त होगी।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि इन नए वाहनों के समावेश से रीवा पुलिस की कार्यक्षमता, गतिशीलता एवं तकनीकी दक्षता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। विशेष रूप से फॉरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे अपराधों की जांच अधिक सटीक एवं प्रभावी बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इन संसाधनों का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराध नियंत्रण को मजबूत करना एवं आपातकालीन स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।रीवा पुलिस इन नवीन संसाधनों का समुचित एवं प्रभावी उपयोग कर जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।





