सिंगरौली में मिट्टी धसने से महिला और दो बालिकाओं की मौत, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल
SINGRAULI NEWS : जिले के ग्राम पंचायत परसोहर में रविवार सुबह लगभग 9:30 बजे लाल पीली मिट्टी/मुरुम की खुदाई के दौरान भयावह दुर्घटना घटी। जानकारी के अनुसार, पांच महिलाएं खुदाई के कार्य में लगी थीं कि अचानक मिट्टी धस गई। इस हादसे में बंसती (17), प्रीतू सिंह (11) और फूलवा यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल रुकुमुन (55) और कौशल्या सिंह (60) को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवसर में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बेहतर उपचार के लिए कौशल्या को सिंगरौली ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत पदाधिकारी, प्रशासन और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई गई।
मृतकों के परिजनों को कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी की ओर से रेड क्रॉस के माध्यम से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही, संबल योजना के तहत मृतक व्यक्ति का पूर्व पंजीयन न होने के कारण ग्राम पंचायत बंधा के सचिव श्री सतीश द्विवेदी को निलंबित किया गया।
परिजनों ने बताया कि मिट्टी खुदाई का कार्य स्वयं उपयोग और लिपाई के लिए किया जा रहा था। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी घायलों का इलाज उचित रूप से किया जाएगा और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।





