Mauganj MP:कॉलेज या रील स्टूडियो? पढ़ाई की जगह क्लासरूम में भोजपुरी वीडियो, जयमाला के वीडियो से फिर उठे सवाल!
डिजिटल क्लासरूम की सुविधा पर सवाल, वायरल वीडियो ने कॉलेज प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा किया
मऊगंज। जिस क्लासरूम में विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए आधुनिक तकनीक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, वही क्लासरूम अगर पढ़ाई की जगह मनोरंजन का मंच बन जाए तो सवाल उठना लाजिमी है। मऊगंज के शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय से सामने आए एक कथित वायरल वीडियो ने कॉलेज की व्यवस्था और डिजिटल संसाधनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि कॉलेज के क्लासरूम में पढ़ाई से इतर भोजपुरी वीडियो चलाए जा रहे हैं। इस वीडियो को लेकर अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर डिजिटल क्लासरूम में ऐसी सामग्री किसकी अनुमति से और किस निगरानी में प्रदर्शित हुई?
पढ़ाई के लिए बने क्लासरूम में भोजपुरी वीडियो?
वायरल वीडियो में क्लासरूम के भीतर डिजिटल स्क्रीन पर भोजपुरी वीडियो दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। खास तौर पर जयमाला से जुड़े वीडियो के प्रसारण के दावे ने मामले को और चर्चा में ला दिया है।
हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों, उसे किसने चलाया और उस समय कॉलेज प्रबंधन या शिक्षक की मौजूदगी थी या नहीं—इन बिंदुओं की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही संभव होगी।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
यह पहला मौका नहीं है जब मऊगंज के इसी कॉलेज के डिजिटल क्लासरूम को लेकर सवाल उठे हैं। सितंबर 2025 में भी कॉलेज के स्मार्ट क्लास में भोजपुरी वीडियो चलने का मामला सामने आया था। उस समय उच्च शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया था।





