Rewa MP :निर्विघ्न और शांतिपूर्वक बोर्ड परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करायें – कलेक्टर
समीक्षा एवं प्रशिक्षण के दौरान रीवा कलेक्टर ने केंद्राअध्यक्षों एवं उप केंद्राअध्यक्षोंको दिए अनेकों निर्देश
रीवा.कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में हायर सेकेण्डरी एवं हाई स्कूल की बोड परीक्षाओं के संबंध में आवश्यक तैयारी की समीक्षा एवं प्रशिक्षण शिविर का दिया गया आयोजन, जिसकी अध्यक्षता रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की इस दौरान समस्त केंद्राअध्यक्षों सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षाओं के लिए नियुक्त केन्द्राध्यक्षों एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों को निर्देश दिये हैं कि निर्विघ्न और शांतिपूर्वक परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करायें। यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्वरूप का है। अत: इसमें सभी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी योग्यता से करना होगा। परीक्षा केन्द्रों पर नकल न हो, परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनी रहे इस पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष किसी भी व्यक्ति को प्रश्न पत्र लाने के लिए अधिकृत नहीं करेंगे। इसी प्रकार उत्तर पुस्तिका निर्धारित स्थान पर जमा करने का कार्य भी केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष को ही करना होगा।रीवा कलेक्टर ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करायें। परीक्षा केन्द्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के अतिरिक्त सभी का मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा कक्ष में एक बेंच में एक ही परीक्षार्थी बैठेगा तथा 100 मीटर के दायरे में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि त्रुटि रहित बोर्ड परीक्षाओं का सफल संचालन सुनिश्चित करायें तथा परीक्षा केन्द्रों में तनाव रहित वातावरण निर्मित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर गंभीर शिकायत प्राप्त होने पर केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष के विरूद्ध अनुशासनात्मक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी केन्द्राध्यक्ष व उप केन्द्राध्यक्ष निर्धारित ऐप को डाउनलोड कर इसका संचालन सीख लें।कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्रों की गोपनीयता भंग करने के संबंध में फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए जिला स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है।प्रशिक्षण में बताया गया कि परीक्षा अवधि में परीक्षा तिथि को केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रतिनिधि थाने में उपस्थित होकर प्रश्न पत्र लेकर सुबह 8.30 बजे के केन्द्र में पूर्व पहुंच जायेंगे। प्रश्न पत्रों के बाक्स खोले जाने के पूर्व बाक्सों के 6 तरफ के वीडियो बनाकर माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल को भेजा जायेगा।परीक्षा केन्द्र में ही केन्द्राध्यक्ष द्वारा प्रश्न पत्र का बाक्स खोलकर पैकेट्स पर्यवेक्षकों को सौंपे जायेंगे। तदुपरांत पर्यवेक्षकों द्वारा परीक्षा कक्ष में प्रश्न पत्र के पैकेट्स खोलकर छात्रों को सुबह 8.55 बजे वितरित किये जायेंगे। रीवा जिले में 18 अशासकीय परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाये गये हैं जिनकी लाइव निगरानी जिला एवं भोपाल स्तर पर की जायेगी। जिले में 9 अतिसंवदेनशील परीक्षा केन्द्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के अलावा प्रेक्षकों तथा पुलिस बल की तैनाती रहेगी।उल्लेखनीय है कि बोर्ड परीक्षा के लिए रीवा जिले में 71 तथा मऊगंज जिले में 23 परीक्षा केन्द्र सुनिश्चित किये गये हैं। मऊगंज जिले में 4 संवदेनशील परीक्षा केन्द्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गयी है। रीवा जिले में 8 तथा मऊगंज जिले में 3 निरीक्षण दल बनाये गये हैं।
समीक्षा एवं प्रशिक्षण दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा, सहायक संचालक राजेश मिश्रा, प्राचार्य वरूणेन्द्र प्रताप सिंह, जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर आशीष दुबे सहित रीवा एवं मऊगंज केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।





