Rewa MP:नगर निगम में बगावत: भाजपा-कांग्रेस पार्षद एकजुट, महापौर-अध्यक्ष के बायकाट की तैयारी!
व्हाट्सएप ग्रुप में फूटा गुस्सा, सहज कंपनी को 24 घंटे का अल्टीमेटम; वार्डों में सड़क-पानी की बदहाली से नाराज पार्षद सड़क पर उतरने को तैयार
रीवा। नगर निगम की नाकामियों से नाराज भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है। अब तक एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले दोनों दलों के पार्षद महापौर और अध्यक्ष के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में खुलकर गुस्सा निकाला जा रहा है और बायकाट की रणनीति बन रही है।
15 भाजपा पार्षद पहले ही कर चुके विरोध
कुछ समय पहले अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय की कुर्सी खतरे में पड़ गई थी। 15 भाजपा पार्षदों ने परिषद का बायकाट कर दिया था। समर्थन का संकट खड़ा हो गया था। इसके बाद भाजपा पार्षदों की एक परस शुरू हुई थी। अब हालात फिर बिगड़ रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस पार्षद भी अपनी ही नगर सरकार के विरोध में परिषद की बैठक से बायकाट कर गए थे।
सहज कंपनी पर फूटा गुस्सा, 24 घंटे का अल्टीमेटम
पार्षदों का आरोप है कि सीवरेज का काम करने वाली सहज कंपनी ने पूरे शहर को खोद दिया है। सड़कों की फिलिंग में घटिया मटेरियल का उपयोग हो रहा है। बारिश सिर पर है, लेकिन सुधार कार्य नहीं हो रहा। वार्डों में सड़कें चलने लायक नहीं बचीं। इसी को लेकर कई पार्षदों ने आंदोलन का एलान कर दिया है। कंपनी को 24 घंटे के अंदर बैठक बुलाकर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि अगर सुधार नहीं हुआ तो भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षद जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे।
पानी-सड़क पर नगर सरकार फेल
वार्ड 18 के पार्षद ने तीन दिन में समस्या हल करने का अल्टीमेटम दिया है। वार्ड 44 के पार्षद अर्चना अमृत लाल मिश्रा ने तो पहले ही बागी तेवर दिखा दिए हैं। उन्होंने सहज कंपनी के साथ ही पानी सप्लाई को लेकर भी मोर्चा खोला है। वार्ड 7 के पार्षद ने भी समर्थन दिया है। पार्षदों का कहना है कि पानी और सड़क पर नगर सरकार पार्षदों की नहीं सुन रही। नगर सरकार के 7 पार्षदों के बागी होने का खतरा मंडराने लगा है।





