Rewa MP:CM हेल्पलाइन में रीवा 6 पायदान नीचे खिसका, फिर भी A-ग्रेड में कायम 81.93 वेटेज अंक मिले!
प्रदेश में 9वें से 15वें नंबर पर आया रीवा, संभाग में तीसरे स्थान पर कलेक्टर की सख्ती से बढ़ा लोगों का भरोसा!
रीवा। CM हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण को लेकर रीवा जिले की रैंकिंग इस माह लुढ़क गई है। प्रदेश की सूची में जिला 6 पायदान नीचे खिसककर 9वें से सीधे 15वें स्थान पर आ गया है। हालांकि 81.93 वेटेज अंक के साथ जिला A-श्रेणी में बना हुआ है।
16,251 शिकायतें दर्ज, निराकरण में मिली बढ़त, आंकड़ों का गणित
मई माह में रीवा जिले की CM हेल्पलाइन में कुल 16,251 शिकायतें दर्ज हुईं। संतुष्टि के साथ बंद शिकायतों में जिले को 60 में से 48.51 वेटेज अंक मिले। 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण में जिले ने 20 में से पूरे 20 वेटेज अंक हासिल किए।
अधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड कहां चूके, कहां सुधरे
L1 अधिकारी स्तर पर शिकायतों के निराकरण में जिले को 13.71 अंक मिले। निम्न गुणवत्ता के साथ बंद कराई गई शिकायतों के निराकरण में 10 में से 9.79 अंक मिले। नोट अटेंडेड शिकायतों के मामले में रीवा को 10 में से 9.92 वेटेज अंक प्राप्त हुए।
सख्ती का असर बढ़ी शिकायतों की संख्या, भरोसा बढ़ा तो बढ़े आवेदन
कुछ माह पहले तक जिले से CM हेल्पलाइन में कम शिकायतें दर्ज होती थीं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा शिकायतों पर प्रभावी निराकरण कराए जाने से लोगों का भरोसा बढ़ा और ज्यादा संख्या में लोग CM हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
संभाग में सिंगरौली अव्वल, सतना सबसे पीछे, रीवा संभाग का स्कोरकार्ड
रीवा संभाग में CM हेल्पलाइन निराकरण में सिंगरौली जिला पहले स्थान पर पहुंच गया। मई में सिंगरौली में 8,343 शिकायतें आईं और 84.52 वेटेज अंक के साथ संभाग में टॉप किया। 9,717 शिकायतों के साथ सीधी दूसरे स्थान पर रहा जिसे 82.23 अंक मिले। रीवा तीसरे नंबर पर है। सतना जिला सबसे पीछे रहा, वहां 13,819 शिकायतों पर 81.7 वेटेज अंक मिले।
प्रदेश स्तर पर रीवा संभाग की स्थिति, कौन कहां खड़ा
प्रदेश की सूची में सिंगरौली 5वें, सीधी 14वें, रीवा 15वें और सतना 17वें स्थान पर रहा।





