Rewa MP:गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण पर निगमायुक्त सख्त, एजेंसी को थमाया नोटिस 5 वार्डों में विकास कार्यों का किया निरीक्षण!
इंदिरा नगर में खराब सड़क, मॉडल स्कूल के पास जलभराव, खुले नाले और अधूरे चैंबर पर जताई नाराजगी प्राथमिकता से सुधार के दिए निर्देश
रीवा। नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने शुक्रवार को शहर के 5 वार्डों का दौरा कर विकास कार्यों और समस्याओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने संबंधित एजेंसियों और विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
वार्ड 11 इंदिरा नगर में घटिया सड़क निर्माण, एजेंसी को नोटिस, सुधार के निर्देश
वार्ड 11 के इंदिरा नगर में गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण की शिकायत पर निगमायुक्त ने संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं मॉडल स्कूल के पास जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
वार्ड 12: सीवेज लाइन रेस्टोरेशन में तेजी लाएं, दुर्घटना संभावित नाले को कवर करने के निर्देश
वार्ड 12 में सीवेज लाइन के प्रॉपर रेस्टोरेशन और इंटरकनेक्शन कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से नाले को कवर करने को भी कहा गया।
वार्ड 13: दिनेश पार्क के पास खुला नाला, हादसों की आशंका, कवर करने के निर्देश
वार्ड 13 में दिनेश पार्क के पास खुले नाले का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने उसे तुरंत कवर करने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
वार्ड 14: संजय नगर में नाली जाम, स्लोप सुधार कर जल निकासी ठीक करने के निर्देश
वार्ड 14 के भ्रमण के दौरान संजय नगर क्षेत्र में पुरानी नाली में जल प्रवाह अवरुद्ध पाया गया। इस पर नाली का स्लोप सुधार कर जल निकासी को सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
और यहां चैंबर निर्माण मिला अधूरा, वार्ड 16 में एजेंसी को नोटिस, विवेकानंद STP के पास नाले की सफाई के निर्देश
वार्ड 16 में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करते हुए चैंबर निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। विवेकानंद एसटीपी के पास चोक पड़े नाले की तत्काल सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।





