Mauganj MP:उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस ,आन-बान-शान से लहराया तिरंगा ,देशभक्ति के रंग में रंगा रहा मऊगंज!
मऊगंज।देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस सीधी जिले में राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ हर्षाेल्लासपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रध्वज तिरंगे के आन-बान-शान से लहराने के साथ पूरा वातावरण राष्ट्रगान और देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का गायन हुआ। शासन के निर्देशानुसार समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत के गायन से किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर संजय कुमार जैन ने पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने समृद्धि, उल्लास और नई ऊर्जा के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को नील गगन में छोड़ा। परेड दल ने तीन बार हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और गौरव को अभिव्यक्त किया। समारोह में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मान के इस अवसर पर समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए त्याग और बलिदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सजीव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने मुख्यमंत्री के संदेश को उत्साहपूर्वक सुना। मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले की विकास उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री के बधाई संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार जैन के साथ विधायक प्रदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं आम जनता उपस्थित रहे।





