Mauganj MP:लौर पुलिस की कार्रवाई: 450 ग्राम गांजे के साथ 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार!
एनएच-135 के पास ग्राहक का इंतजार करने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, करीब 4 हजार रुपये का गांजा जब्त
मऊगंज। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लौर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 450 ग्राम गांजे के साथ एक 62 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम चौका सोनवर्षा में एनएच-135 के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर लौर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान कंजरा निवासी मंगल सिंह, पिता इंद्रबहादुर सिंह, उम्र 62 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि तलाशी में उसके कब्जे से 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास गांजा कहां से आया था और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई लौर थाना प्रभारी रीना सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने बुधवार शाम करीब 4 बजे दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





