Rewa MP:सरकारी शिक्षक ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत; पारिवारिक विवाद की आशंका!
कमरे में अकेले थे 48 वर्षीय शिक्षक सुभाष तिवारी, गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन तो खून से लथपथ मिला शव; घटनास्थल से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
रीवा। शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक सरकारी शिक्षक की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय शिक्षक सुभाष तिवारी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं इलाके में सनसनी फैल गई।
कमरे में अकेले थे शिक्षक, गोली की आवाज से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 10 निवासी सुभाष तिवारी शासकीय स्कूल टीकर में पदस्थ थे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच वे घर के एक कमरे में अकेले थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े तो सुभाष तिवारी खून से लथपथ हालत में पीठ के बल पड़े मिले। घटनास्थल पर उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी मिली।
पारिवारिक विवाद की चर्चा, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थीं। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पिस्टल और अन्य जरूरी वस्तुओं की जांच के साथ फिंगरप्रिंट सहित वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी पारिवारिक कारणों से यह कदम उठाए जाने की बात बताई है। हालांकि, परिजन घटना को लेकर अधिक बातचीत करने से बचते रहे। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल 48 वर्षीय शिक्षक की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।





