Bhopal MP:एमपी पुलिस को मिला आधिकारिक प्रवक्ता, DIG तरुण नायक संभालेंगे विभाग का पक्ष!
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने की पहल, अब पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी और पक्ष रखेंगे तरुण नायक
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में अब आधिकारिक प्रवक्ता की जिम्मेदारी उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) तरुण नायक को सौंपी गई है। वे प्रदेश पुलिस की ओर से आधिकारिक पक्ष रखने के साथ ही विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में अधिकृत जानकारी साझा करेंगे।
दरअसल, पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए थे कि पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक पक्ष रखने के लिए एक अधिकृत प्रवक्ता नियुक्त किया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस मुख्यालय ने यह जिम्मेदारी DIG तरुण नायक को सौंपी है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस विभाग की ओर से सूचनाओं के आदान-प्रदान को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाना तथा मीडिया के सामने विभाग का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट रूप से रखना है।
इस नियुक्ति के बाद अब मध्यप्रदेश पुलिस से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों, विभागीय गतिविधियों और आधिकारिक बयानों के लिए DIG तरुण नायक अधिकृत प्रवक्ता के रूप में सामने आएंगे। इससे पुलिस विभाग और मीडिया के बीच संवाद को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।





