Mauganj MP:जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने गांवों में पहुंच रही सरकार, जन संवाद शिविर में विधायक गिरीश गौतम ने सुनीं समस्याएं!
नईगढ़ी के उमरिया व्योहरियान में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित, कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह, कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
मऊगंज। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत नईगढ़ी के सीएफटी भवन उमरिया व्योहरियान में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर को संबोधित करते हुए देवतालाब विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि प्रशासन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान हो।
विधायक गौतम ने कहा कि जन संवाद शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने, शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार हितलाभ हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक होकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर कमिश्नर का जोर
शिविर में रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
वहीं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
स्वरोजगार से जुड़े युवाओं से किया संवाद
जन विश्वास शिविर के दौरान उद्यमी संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें शासकीय योजनाओं से लाभान्वित युवाओं ने स्वरोजगार स्थापित करने के अपने अनुभव साझा किए। उद्यमियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिली आर्थिक एवं अन्य सहायता उनके व्यवसाय की स्थापना में महत्वपूर्ण साबित हुई है।
कमिश्नर और कलेक्टर ने उद्यमियों से उनके व्यवसाय के संचालन, विस्तार और आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की। साथ ही संबंधित विभागों को उद्योगों के विस्तार में आने वाली अनुमतियों और विभागीय प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याओं का समन्वय के साथ निराकरण कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विभागीय स्टॉलों के जरिए दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, शासकीय सेवाओं और पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान विधायक गिरीश गौतम, कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





