Sagar MP:9 बार के वरिष्ठ भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का बड़ा ऐलान: कोपरा बांध बनने के बाद लेंगे राजनीति से संन्यास, 2028 चुनाव को लेकर भी चर्चा तेज।
सागर। मध्य प्रदेश की राजनीति में नौ बार विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव ने राजनीतिक संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया है। रहली विधानसभा क्षेत्र के बहेल स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन समारोह में उन्होंने साफ कहा कि कोपरा सिंचाई परियोजना का बांध बनवाने के बाद ही वे राजनीति से संन्यास लेंगे। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खासकर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।
292 करोड़ की परियोजना अब 957 करोड़ रुपये के पार
दरअसल, रहली क्षेत्र की महत्वाकांक्षी कोपरा मध्यम सिंचाई परियोजना लंबे समय से अटकी हुई है। इस परियोजना को 4 अक्टूबर 2018 को प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका भूमिपूजन भी किया था। उस समय परियोजना की अनुमानित लागत 292.38 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी और इसके माध्यम से लगभग 9,990 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था।
लेकिन परियोजना की राह में नौरादेही अभयारण्य को टाइगर रिजर्व का दर्जा मिलने के बाद वन भूमि से जुड़ी बड़ी बाधा खड़ी हो गई। वर्ष 2023 में टाइगर रिजर्व घोषित होने के बाद परियोजना के दायरे में आने वाली करीब 268 हेक्टेयर वन भूमि के एवज में क्षतिपूर्ति की राशि बढ़कर लगभग 400 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके अलावा निजी जमीनों के भू-अर्जन का खर्च भी जुड़ गया। नतीजतन, परियोजना की पुनरीक्षित लागत बढ़कर 957.16 करोड़ रुपये हो गई है।
कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार, शासन स्तर पर अटकी परियोजना
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए अब कैबिनेट और साधिकार समिति की मंजूरी जरूरी बताई जा रही है। गोपाल भार्गव के मुताबिक, टाइगर रिजर्व बनने के बाद बांध के दायरे में आने वाली वन भूमि का मुआवजा लगभग 15 करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गया है। परियोजना फिलहाल शासन स्तर पर लंबित है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
क्या 2028 का चुनाव लड़ेंगे गोपाल भार्गव?
भार्गव के राजनीतिक संन्यास संबंधी बयान ने एक और सवाल खड़ा कर दिया है। यदि कोपरा बांध के निर्माण में पांच साल से अधिक का समय लगता है, तो उनके संन्यास की घोषणा फिलहाल भविष्य की बात नजर आती है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि गोपाल भार्गव वर्ष 2028 का विधानसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं।
फिलहाल उनके बयान का सीधा संदेश यही है कि रहली क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी कराना उनकी राजनीतिक प्राथमिकता है। अब देखना होगा कि करीब 957 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शासन से कब मंजूरी मिलती है और बांध निर्माण का सपना कब धरातल पर उतरता है।





