रीवा

Rewa news, जल संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राचीन परंपरा है – डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री।

Rewa news, जल संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राचीन परंपरा है – डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री।

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 5 जून से जल संवर्धन और संरक्षण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कई जिलों में बहुत अच्छा कार्य हो रहा है। जल संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राचीन परंपरा है। वृक्षों और जल स्त्रोतों में भी हम देवताओं का वास मानते हैं। नदियों की देवियों की तरह पूजा की जाती है। पूरे प्रदेश में लाखों तालाब, प्राचीन बावड़ी, कुएं तथा अन्य जल संरचनाएं हमारी जल संरक्षण की परंपरा के गवाह हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान में इनका जीर्णोद्धार करके नया स्वरूप दें जिससे वर्षाकाल में अधिक से अधिक जल का संग्रहण हो सके। अच्छी वर्षा होने के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण का अभियान चलाएं। रोपित पौधों की सुरक्षा और देखभाल का भी पूरा प्रबंध करें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदियों के उद्गम स्थलों की साफ-सफाई तथा विकास का कार्य कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसदगण तथा विधायकगण मिलकर जिले और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पाँच साल का रोडमैप बनाएं। इसमें विकास के लिए आवश्यक कार्यों को शामिल कराएं। इस रोडमैप के अनुसार विकास के कार्य किए जाएंगे। इनकी नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश को इन्फार्मेशन टेक्नालाजी, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास का केन्द्र बनाया जाएगा। कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा व्यावसायिक मांग के अनुरूप फसलों के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश के ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्ति जो देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं उन्हें प्रदेश में आकर्षित करने के लिए भी प्रयास किया जाएगा। पुरातात्विक महत्व के स्थलों तथा पर्यटन स्थलों के समुचित विकास के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। मंदसौर के मंदिरों, धर्मराजेश्वर तथा भानपुरा संग्रहालय को भी विकसित किया जाएगा जिससे यहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा आमजन शामिल हों। व्यवस्थित रूप से योग दिवस का आयोजन करें। प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इसे सफल बनाने में भी जनप्रतिनिधियों तथा आमजनों की भूमिका सुनिश्चित करें।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक आगामी त्यौहारों को देखते हुए कानून और व्यवस्था की कड़ी निगरानी करें। कृषि आदान के संबंध में निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है। इसका ठीक से वितरण कराएं। यूरिया का भी पर्याप्त भण्डार कर लिया गया है। किसानों को डीएपी के साथ-साथ इसके विकल्प के रूप में सिंगल सुपर फास्फेट तथा एनपीके के खाद के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करें। मिलावट के विरूद्ध भी सभी जिलों में प्रभावी अभियान चलाएं। मिलावट करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। बिजली की आपूर्ति तथा खराब ट्रांसफार्मर बदलने की सतत निगरानी करें। जिला और संभाग स्तर पर बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करें। पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण कराएं। जमीन की रजिस्ट्री होने के साथ उसका नामांतरण सुनिश्चित करें।

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जबलपुर, सागर, सिवनी, मण्डला तथा राजगढ़ जिलों से संवाद किया। इन जिलों में किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों की मुख्यमंत्री ने प्रसंशा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अथवा अन्य व्यक्ति अपने निजी उपयोग के लिए तालाबों से गाद निकालना चाहे तो उस पर किसी तरह की रोक न लगाएं। बिना कोई शुल्क दिए तथा बिना अनुमति के तालाबों से गाद निकाली जा सकती है। बैठक में कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति तथा कमिश्नर कार्यालय से कमिश्नर गोपालचन्द्र डाड, आईजी एमएस सिकरवार, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button