Mauganj MP:ब्लैकआउट ऑपरेशन की मॉकड्रिल, पुलिस-SDRF और NCC के विद्यार्थियों ने परखी आपातकालीन तैयारियां!
हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने का किया अभ्यास, नागरिकों को ब्लैकआउट के दौरान सतर्कता और सुरक्षा के दिए संदेश
मऊगंज। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा और त्वरित राहत व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को मऊगंज जिला कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में ब्लैकआउट ऑपरेशन की मॉकड्रिल आयोजित की गई। शाम 6 बजे आयोजित इस विशेष सुरक्षा अभ्यास में जिला पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और एनसीसी के विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विभिन्न सुरक्षा गतिविधियों का अभ्यास किया।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन एवं एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित इस मॉकड्रिल में रक्षित निरीक्षक रवीन्द्र सिंह, जिला विशेष शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर सहित पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एसडीआरएफ रीवा की टीम ने कंपनी कमांडर विकास कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अभ्यास में हिस्सा लिया। टीम में चन्द्रकांत तिवारी, हरिओम मिश्रा, दिलराज सिंह, इला श्रीश, विकास जाट एवं कुलदीप सिंह चौहान शामिल रहे। वहीं एनसीसी के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों का अभ्यास किया।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
मॉकड्रिल का प्रमुख उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करना, ब्लैकआउट प्रक्रिया की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा संकट के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों और सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
सायरन सुनाई देने पर घबराएं नहीं, लाइट बंद कर सुरक्षित स्थान पर रहें
पुलिस प्रशासन की ओर से आम नागरिकों को समझाइश दी गई कि सायरन बजने अथवा धमाके जैसी आवाज सुनाई देने पर घबराहट में कोई कदम न उठाएं। संयम बनाए रखें, ब्लैकआउट के दौरान घरों एवं प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखें और सुरक्षित स्थान पर रहें। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
पुलिस की अपील—अफवाहों से बचें, प्रशासन का करें सहयोग
जिला पुलिस मऊगंज ने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को आयोजित यह गतिविधि पूरी तरह पूर्व निर्धारित मॉकड्रिल एवं सुरक्षा अभ्यास था। इसका उद्देश्य किसी वास्तविक खतरे की सूचना देना नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति एवं संयम बनाए रखें और सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।





