Mauganj MP:धान खरीदी केंद्र मिसिरगवा का कलेक्टर श्री जैन ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर दिये सख्त निर्देश!
मऊगंज.कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन द्वारा धान खरीदी केंद्र मिसिरगवा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में रखे धान की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने धान को पानी से बचाने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि खरीदे गए समस्त धान को पानी एवं नमी से सुरक्षित रखने के लिए आज ही पन्नी (कवर) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धान की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह किसानों की मेहनत और शासन की संपत्ति से जुड़ा मामला है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान की तौल, भंडारण व्यवस्था एवं अभिलेखों की भी जांच की तथा संबंधित कर्मचारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिये। लापरवाही पाए जाने पर समिति प्रबंधक के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों पर धान का सुरक्षित भंडारण व किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अनिल गुप्ता, तहसीलदार शिवम गौतम उपस्थित रहे।





