Mauganj MP:किसके इशारे पर चल रहा जनसंपर्क विभाग PRO समर्थ श्रीवास्तव पर फिर उठे सवाल, प्रेस एसोसिएशन की कलेक्टर से कार्यवाही की मांग!
भगवान बिरसा मुंडा जयंती के जिला स्तरीय कार्यक्रम में पत्रकारों को आमंत्रित करने के तरीके पर विवाद, चुनिंदा पत्रकारों को व्यक्तिगत निमंत्रण देने का आरोप; सोमवार को प्रेस एसोसिएशन की अहम बैठक
मऊगंज। जिले में प्रशासन और पत्रकारों के बीच पहले से जारी खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में है। जिला जनसंपर्क विभाग के PRO समर्थ श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली को लेकर जिला प्रेस एसोसिएशन ने कड़ा ऐतराज जताया है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि पत्रकारों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है और सरकारी आयोजनों में भी कथित तौर पर चुनिंदा पत्रकारों को प्राथमिकता देकर बाकी पत्रकारों की उपेक्षा की जा रही है।
ताजा विवाद भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर सामने आया है। प्रेस एसोसिएशन के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को आमंत्रित किया जाना था, लेकिन जनसंपर्क विभाग की ओर से पत्रकारों के सामूहिक ग्रुप में कोई आधिकारिक सूचना साझा नहीं की गई। इसके उलट कुछ चुनिंदा पत्रकारों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी को लेकर जनसंपर्क विभाग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
पत्रकारों की सूची सार्वजनिक करने के अधिकार पर भी सवाल
PRO समर्थ श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली को लेकर प्रेस एसोसिएशन ने पुराने विवादों का भी हवाला दिया है। एसोसिएशन का आरोप है कि पूर्व में जिन पत्रकारों के PRO लेटर जमा थे, उनके नाम जारी सूची से कथित तौर पर गायब कर दिए गए थे, जबकि कुछ अन्य नामों को सूची में स्थान दिया गया था।
अब सवाल यह उठ रहा है कि पत्रकारों की सूची को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के लिए क्या कोई निर्धारित प्रक्रिया या सक्षम अधिकारी का आदेश था? यदि ऐसा कोई आदेश जारी हुआ था तो उसकी प्रति सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? पत्रकारों ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर सरकारी जनसंपर्क व्यवस्था में पारदर्शिता और समानता के सिद्धांतों का पालन क्यों नहीं हो रहा है?
महासचिव नसीम खान ने कलेक्टर से मांगी कार्रवाई
जिला प्रेस एसोसिएशन के महासचिव नसीम खान ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर से हस्तक्षेप और संबंधित मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी पत्रकारों के बीच समन्वय स्थापित करना है, न कि कथित तौर पर गुटबाजी और भेदभाव को बढ़ावा देना।
विपिन पाण्डेय बोले- अब बर्दाश्त नहीं होगा भेदभाव
प्रेस एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष विपिन पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि PRO समर्थ श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली के चलते मऊगंज के पत्रकारों के साथ बार-बार भेदभाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को अब सामान्य प्रशासनिक चूक मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसी मुद्दे को लेकर प्रेस एसोसिएशन ने सोमवार को विशेष बैठक बुलाई है। बैठक में प्रशासन के कथित भेदभावपूर्ण रवैये पर चर्चा कर आगे की रणनीति और सख्त निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सरकारी कार्यक्रमों में पत्रकारों के बीच चयन का अधिकार किसे?
इस पूरे विवाद ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी कार्यक्रम जनता और शासन के होते हैं, ऐसे आयोजनों में मीडिया को सूचना देना और आमंत्रित करना जनसंपर्क विभाग की संस्थागत जिम्मेदारी है। ऐसे में यदि आमंत्रण प्रक्रिया में पक्षपात हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मऊगंज में जनसंपर्क विभाग की व्यवस्था किसी पारदर्शी नियम से संचालित हो रही है या पत्रकारों को कथित गुटों में बांटकर प्रशासन और मीडिया के बीच दूरी बढ़ाई जा रही है?
प्रेस एसोसिएशन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि शिकायतों पर प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।
अब निगाहें कलेक्टर पर हैं। क्या जिला प्रशासन PRO की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराएगा या पत्रकारों की शिकायतें एक बार फिर फाइलों में दबकर रह जाएंगी?





