Mauganj MP:पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गिरीश गौतम ने किया पत्रकारों का सम्मान!
पत्रकार समाज का आईना, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत कड़ी: गिरीश गौतम
मऊगंज। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के मऊगंज पहुंचने पर होटल राजमहल पैलेस में पत्रकारों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट एवं निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को शॉल एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से संवाद करते हुए गिरीश गौतम ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। समाज में घटित घटनाओं, आमजन की समस्याओं और जमीनी स्तर की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार की कलम केवल खबर प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त जरिया भी है।
गिरीश गौतम ने कहा कि पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने मऊगंज प्रेस क्लब के पत्रकारों से आग्रह किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए तथ्यों के आधार पर खबरों को समाज के सामने लाया जाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। एक जिम्मेदार पत्रकार समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ व्यवस्था में सुधार के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए पत्रकारिता में निष्पक्षता, तथ्यपरकता और सामाजिक जिम्मेदारी को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों पर भी संवाद किया। पत्रकारों के सम्मान को लेकर मऊगंज प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों ने उनका आभार जताया है।




