Rewa MP:यूजीसी कानून के विरोध में सवर्ण समाज का हल्ला बोल: कल रायपुर तहसील में प्रदर्शन और हवन!
रीवा .सवर्ण समाज के छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए यूजीसी (UGC) कानून के विरोध में कल, 4 फरवरी को रायपुर कर्चुलियान में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सवर्ण समाज के सदस्यों ने इस कानून को ‘काला कानून’ करार देते हुए सरकार की बुद्धि को शुद्ध करने के लिए हवन और विशाल रैली निकालने का निर्णय लिया है।
सतबुद्धि हवन और विरोध प्रदर्शन
सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता पद्मदीप शुक्ला ने बताया कि नए यूजीसी नियमों से सामान्य वर्ग के छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। इसके विरोध में बुधवार, 4 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे भैरव बाबा मंदिर (बायपास) में ‘सतबुद्धि हवन’ आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जो रायपुर तहसील कार्यालय पहुंचेगी।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
आंदोलनकारियों का कहना है कि यह कानून छात्र हितों के विरुद्ध है और सवर्ण युवाओं को मानसिक दबाव में डाल रहा है। रैली के समापन पर एसडीएम/तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर इस कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर अधिवक्ता पद्मदीप शुक्ल, जितेंद्र सिंह, अमित सिंह मोनू, महेंद्र पाण्डेय, अमित गौतम, धनपत गुप्ता, देवेन्द्र सिंह, अमन गुप्ता और शिवेंद्र सिंह शिबू सहित समाज के प्रबुद्धजनों ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों और युवाओं से अपने भविष्य की रक्षा के लिए इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।





