Mauganj MP:नामजद चोर पर कार्रवाई नहीं, पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर! शाहपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल!
मऊगंज। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में आरोप लगाया है कि चोरी की घटना में नामजद आरोपी की पहचान होने और रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।पीड़ित अजीत कुमार वर्मा निवासी ग्राम रमनगरी, थाना शाहपुर के अनुसार 8 फरवरी 2026 की रात करीब 1:40 बजे दो मोटरसाइकिल सवार बदमाश उनके घर पहुंचे और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आहट मिलने पर जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो आरोप है कि चोरों ने गैलरी का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था।
पीड़ित का दावा है कि एक आरोपी बैग लेकर भागते समय उसकी पहचान हो गई। आवेदन में आरोपी का नाम भी दर्ज किया गया है। चोरी हुए सामान में सोने-चांदी के जेवर, कैमरा सेट और नकदी शामिल बताई गई है।
पीड़ित के अनुसार घटना के तुरंत बाद डायल-112 को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी। इतना ही नहीं, पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि अगले दिन आरोपी ने फोन कर रिपोर्ट करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पीड़ित ने नामजद शिकायत दी, आरोपी की पहचान बताई और धमकी मिलने की बात भी कही, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या शाहपुर पुलिस आरोपी पर मेहरबान है या फिर पीड़ित को न्याय दिलाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही?
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस हरकत में आती है या फिर पीड़ित यूं ही न्याय की आस लगाए भटकता रहेगा।
नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, फरियादी थानों और दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। सवाल यह है कि कानून का डर खत्म हुआ है या कार्रवाई की फाइल कहीं दबा दी गई है?





