Rewa MP:2 महीने बाद बायपास पर लौटी वाहनों की रफ्तार, शहर ने ली राहत की सांस,नो-एंट्री खुलने से ट्रकों-बसों का रुख शहर से बाहर, मॉडल रोड-गोविंदगढ़ मार्ग को मिली राहत!
जबलपुर, सतना, प्रयागराज रूट के भारी वाहन अब बायपास से गुजरेंगे
रीवा.करीब दो महीने तक भारी वाहनों के बोझ तले कराहता रहा शहर आखिरकार शुक्रवार की सुबह से राहत की सांस ले पाया। लंबे इंतजार के बाद जैसे ही बायपास पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, ट्रकों और बसों का रुख शहर से बाहर हो गया।
क्यों था जाम
बायपास बंद होने के कारण जबलपुर, सतना और प्रयागराज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट रूट से गुजरना पड़ रहा था। इसका सबसे ज्यादा दबाव मॉडल रोड पर पड़ा। गोविंदगढ़, बेला मार्ग और अन्य अंदरूनी सड़कों पर रोजाना जाम के हालात बने रहते थे।
सड़कों के उड़ गए चीथड़े
भारी वाहनों की लगातार आवाजाही ने कई सड़कों की हालत खराब कर दी। जगह-जगह गड्ढे उभर आए और सड़कें उखड़ गईं। गोविंदगढ़ और बेला क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लग जाता था। स्थानीय लोगों को रोजाना धूल, शोर और ट्रैफिक के बीच सफर करना पड़ रहा था।
ट्रक चालकों की मुसीबत
बायपास बंद रहने के दौरान ट्रक चालकों की भी मुश्किलें कम नहीं थीं। कई चालक शहर की सीमा पर घंटों खड़े रहकर रात 11 बजे नो-एंट्री खुलने का इंतजार करते थे। डायवर्ट रूट से गुजरने पर दूरी बढ़ जाती थी जिससे डीजल खर्च और समय दोनों अधिक लगते थे।
राहत की बात
इतने लंबे समय तक भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर रहने के बावजूद एक राहत भरी बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ी दुर्घटना सामने नहीं आई। ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन के लिए रोजाना हजारों वाहनों का दबाव संभालना किसी चुनौती से कम नहीं था।





