Mauganj MP:सेवा संकल्प अभियान 3 और 4 अक्टूबर को, विकासखण्डों में 3 अक्टूबर तथा नगरीय निकायों में 4 अक्टूबर को लगेंगे शिविर: कलेक्टर श्री जैन
मऊगंज।सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आमजनता के आवेदन पत्रों के निराकरण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लिए सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में 3 अक्टूबर को शिविर लगेंगे। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्र में 4 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदार सहित सभी राजस्व अधिकारी तथा जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा।
कलेक्टर श्री जैन ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में मौके पर लाभान्वित हितग्राहियों के वीडियो बनाने की व्यवस्था करें। शिविर में मंचीय कार्यक्रम तथा सेल्फी प्वाइंट बनाएं। सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की पूरी जानकारी के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। संबंधित नोडल अधिकारी शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करें। शिविर समाप्त होने के बाद शिविर की गतिविधियों से जुड़े फोटो और वीडियो के साथ विवरण सीएम इवेंट पोर्टल में शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं। शिविर स्थल में पेयजल, साफ-सफाई, बिजली की आपूर्ति, टायलेट तथा सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।





