Mauganj MP:मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश, सेवा संकल्प अभियान और नशामुक्ति पर जोर!
मऊगंज। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब तक सभी जिलों में अभियान के तहत अच्छा कार्य हुआ है, लेकिन आगामी कार्यक्रमों में हितग्राहियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने और गतिविधियों की बेहतर मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों और 4 अक्टूबर को शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविरों से पहले पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करते हुए उनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को भी कहा गया।
7 अक्टूबर से निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति यात्रा प्रारंभ होगी, जिसका समापन जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। समापन स्थल पर सभा आयोजित करने तथा जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थान पर सेवा ज्योति स्थापित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।यात्रा में योजनाओं के हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान विकसित भारत की शपथ भी दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के फोटो, वीडियो और रील्स उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सेवा की कहानियों’ में भी गुणवत्ता और प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए।
नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास के लिए नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से प्रयास करने तथा जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक हर माह अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक की कार्रवाई का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने और आदतन नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई करने को भी कहा गया।इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सुगम बस सेवा की तैयारियों की भी समीक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की तैयारियों की भी जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बस डिपो और बस टर्मिनल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि यह सेवा बस ऑपरेटरों के सहयोग से संचालित होगी तथा बसों में आधुनिक उपकरणों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।आम नागरिकों को ऐप के माध्यम से बसों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला परिवहन सलाहकार समिति की नियमित बैठक आयोजित कर स्थानीय बस ऑपरेटरों और यात्रियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए।
बस सेवा से संबंधित पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से बस संचालन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की निगरानी और आवश्यक जानकारी उपलब्ध होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, अन्य मंत्रीगण, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मऊगंज कलेक्टर कार्यालय से कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।





