Mauganj MP:PRO समर्थ श्रीवास्तव के खिलाफ पत्रकार लामबंद, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,एक सप्ताह में कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी!
मऊगंज। जिले में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी (PRO) समर्थ श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली को लेकर पत्रकारों में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संजय जैन के नाम अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय को ज्ञापन सौंपते हुए PRO को पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल से जुड़े आरोपों और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता के बजाय कथित रूप से चयनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। पत्रकारों का कहना है कि मऊगंज में लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे वरिष्ठ पत्रकारों को दरकिनार कर कुछ चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायत सामने आई है।
सूची वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
पत्रकारों के अनुसार, जनसंपर्क विभाग से संबंधित एक सूची सामने आने और वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया। आरोप है कि इस सूची में वरिष्ठ एवं लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों की उपेक्षा करते हुए कुछ चहेते लोगों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया।
हालांकि, सूची की वास्तविकता, उसे तैयार करने की प्रक्रिया और उसमें दर्ज नामों के आधार पर किसी नियम का उल्लंघन हुआ या नहीं—इन सभी बिंदुओं की स्वतंत्र जांच आवश्यक है। पत्रकारों ने इसी जांच की मांग प्रशासन से की है।





