Mauganj MP:मऊगंज में नए कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने संभाली कमान, लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर!
अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, आवारा गोवंश के लिए भी दिए निर्देश
मऊगंज। जिले की प्रशासनिक कमान संभालने के बाद कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने विभागीय कामकाज को गति देने की कवायद शुरू कर दी है। कलेक्टर ने अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर शासकीय योजनाओं की प्रगति, विभागीय कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के मिले।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता में होना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबित प्रकरणों को बढ़ावा नहीं दिया जाए।
सड़क हादसे रोकने आवारा गोवंश पर फोकस
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी कलेक्टर ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और हाईवे पर विचरण करने वाले आवारा गोवंश को निकटतम गौशालाओं तक पहुंचाने तथा उनके गले और सींगों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए।
रात्रि और प्रातःकालीन समय में गोवंश की निगरानी के लिए स्थानीय स्तर पर पशु दल गठित कर नियमित गश्त कराने को भी कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य सड़क पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर-एसपी ने विसर्जन स्थलों का लिया जायजा
दूसरी ओर, विजयादशमी और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन और पुलिस सक्रिय नजर आए। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने नईगढ़ी स्थित अष्टभुजा माता मंदिर विसर्जन घाट तथा नईया नाला डैम, हनुमना स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और कंट्रोल रूम के माध्यम से गतिविधियों की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को आवश्यक उपकरणों से लैस नावों की व्यवस्था रखने तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आज मऊगंज में होगा दशहरा समारोह, रावण दहन के साथ श्री हनुमान लीला नाट्य बनेगा आकर्षण
20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर मऊगंज के सिंचाई विभाग कॉलोनी मैदान में जिला स्तरीय दशहरा समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में रावण दहन के साथ श्री हनुमान लीला नाट्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन विशिष्ट अतिथि रहेंगे, जबकि नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
दशहरा आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
मऊगंज और देवतालाब में आज शस्त्रपूजन
विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को मऊगंज और देवतालाब में शस्त्रपूजन कार्यक्रम भी आयोजित होगा। दोनों कार्यक्रम सुबह 9 बजे होंगे।
मऊगंज स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में विधायक प्रदीप पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा शस्त्रपूजन करेंगे। वहीं देवतालाब क्षेत्र में विधायक गिरीश गौतम द्वारा लौर थाना परिसर में शस्त्रपूजन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट की शाखाओं का निरीक्षण, रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश
इससे पहले 19 अक्टूबर को कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं और अभिलेखागार का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, विभागीय कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, रिकॉर्ड का व्यवस्थित रख-रखाव और आमजन को शासकीय सेवाएं सहजता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक सक्रियता का संदेश
कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के पदभार संभालने के बाद शुरुआती दौर में हुई बैठकों और निरीक्षणों से प्रशासन की प्राथमिकताएं स्पष्ट होती दिखाई दे रही हैं। शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, सड़क सुरक्षा, रिकॉर्ड प्रबंधन और पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन का विशेष फोकस है। अब इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव दिखाई देता है, यह आने वाले दिनों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कसौटी होगी।





