Mauganj MP:देवी जागरण नहीं, मऊगंज की गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम एकता का उत्सव: विपिन त्रिपाठी ‘विप्पू’
मऊगंज। 18 अक्टूबर 2026 को मऊगंज में आयोजित भव्य देवी जागरण केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और हिंदू-मुस्लिम एकता की खूबसूरत मिसाल भी पेश की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद आयोजन समिति की ओर से विपिन त्रिपाठी ‘विप्पू’ ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
विपिन त्रिपाठी ने कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल और यादगार बनाने में मऊगंज के गौरव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह ‘बन्ना’, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, हिंदू नेता संतोष तिवारी, समस्त मीडिया साथियों, मऊगंज की जनता और आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुस्लिम समाज के युवाओं का सहयोग बना आकर्षण
विपिन त्रिपाठी ने विशेष रूप से मकसूद खान एवं मुस्लिम समाज के नौजवानों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के धार्मिक आयोजन में मुस्लिम समाज के युवाओं ने जिस प्रेम, उत्साह और अपनत्व के साथ भागीदारी की, वह मऊगंज की साझा संस्कृति और सामाजिक एकता की मजबूत तस्वीर पेश करता है।
उन्होंने कहा, “हमारी पहचान नफरत से नहीं, मोहब्बत से है। हमारी ताकत धर्म के नाम पर बंटने में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने में है।”
विपिन त्रिपाठी ने कहा कि मऊगंज की यही गंगा-जमुनी तहजीब उसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने माँ भगवती से प्रार्थना करते हुए कहा कि शहर में हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की यह मिसाल हमेशा कायम रहे।
उन्होंने कहा, “मंदिर की आस्था हो या मस्जिद की इबादत, इंसानियत और मोहब्बत से बढ़कर कुछ नहीं।”
आयोजन समिति, कलाकारों और श्रद्धालुओं का भी जताया आभार
विपिन त्रिपाठी ने आयोजन समिति की पूरी टीम, मऊगंज की जनता, पत्रकार साथियों, श्रद्धालुओं तथा वाराणसी और कोलकाता से पहुंचे कलाकारों का भी विशेष रूप से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण, स्नेह और उत्साह की वजह से देवी जागरण भव्य और सफल हो सका। आयोजन समिति के सदस्यों ने जिस मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर आयोजन तक जिम्मेदारी निभाई, वह सराहनीय है।
भारी भीड़ के बीच पुलिस की व्यवस्था भी रही अहम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस विभाग की भूमिका की भी विपिन त्रिपाठी ने सराहना की। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में विपिन त्रिपाठी ‘विप्पू’ ने आयोजन को सफल बनाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पुनः हृदय की गहराइयों से धन्यवाद करते हुए कहा कि यह आयोजन सिर्फ देवी जागरण नहीं, बल्कि मऊगंज की साझा संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का उत्सव बनकर सामने आया।





